सरिस्का में युवराज टाइगर ST-21 की शानदार साइटिंग पर्यटक हुए रोमांचित
अलवर (अनिल गुप्ता) जिले में स्थित सरिस्का बाघ अभयारण्य में पर्यटकों को रोमांच से भर देने वाला नज़ारा देखने को मिला। बाघ युवराज ST-21 ने धानका तिराहे के पास जंगल सफारी के दौरान शानदार साइटिंग दी। जानकारी के अनुसार, युवराज पहले जंगल से निकलकर ट्रैक के बगल में चलता नजर आया और कुछ देर बाद गाड़ियों के बीच से ट्रैक पार कर दूसरी ओर चला गया, जिसे देखकर पर्यटकों में उत्साह के साथ हल्का भय भी देखने को मिला। कुछ समय बाद युवराज टाइगर जिप्सियों के पीछे-पीछे चलता दिखाई दिया। स्थिति को भांपते हुए जिप्सियों को थोड़ा तेज आगे बढ़ाया गया। इसके बाद बाघ दूसरी दिशा में एक गड्ढे में पानी पीता हुआ नजर आया और फिर जंगल की ओर लौट गया। इस दौरान सरिस्का जंगल सफारी में करीब 12 जिप्सियों में 100 से अधिक पर्यटक सवार थे, जिन्होंने इस दुर्लभ पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।
टाइगरों की साइटिंग के चलते इस सीजन में सरिस्का में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है और देश के विभिन्न राज्यों से लोग अलवर पहुंच रहे हैं।