कांग्रेस पार्टी मनरेगा को कमजोर करने के किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने देगी: संजना जाटव
कठूमर (दिनेश लेखी) भरतपुर सांसद संजना जाटव ने मंगलवार को ग्राम पंचायत गारू का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पंचायत में विभिन्न नवनिर्मित विकास कार्यों का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया। विकास कार्यों के उद्घाटन के उपरांत आयोजित 'मनरेगा बचाओ संग्राम' कार्यक्रम के तहत उन्होंने ग्रामवासियों से सीधा संवाद किया।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त की और विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा, "मनरेगा ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, लेकिन वर्तमान में इस जनकल्याणकारी योजना को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।"
संजना जाटव ने केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी श्रमिकों के अधिकारों, रोजगार की सुरक्षा और ग्रामीण विकास के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष करेगी। उन्होंने संकल्प दोहराया कि श्रमिकों के हितों पर प्रहार करने वाली किसी भी नीति के खिलाफ कांग्रेस सदन से सड़क तक आवाज बुलंद करती रहेगी।
दौरे के दौरान जगह-जगह पर ग्रामीणों द्वारा सांसद का आत्मीय स्वागत और सत्कार किया गया, जिसके लिए उन्होंने समस्त ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर विधानसभा प्रभारी सुरेश पूछरी, राजपूत समाज के जिला अध्यक्ष गोपाल सिंह नरूका, खेड़ली ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष हरिकिशन मीणा, युवा नेता सोमेश्वर चौधरी, सांसद प्रतिनिधि प्रमोद बंसल व गिरीश जौहरी, अरविंद अवस्थी, सरपंच अनोखी मीणा व राजेश गारू, शहर अध्यक्ष दिनेश गोयल व अजय जाटव, जिला पार्षद संजय, अग्रवाल समाज के अध्यक्ष गोपाल, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष कैलाश मीणा, डीईईओ हीरालाल, सुरेंद्र जाटव, भोला मसारी, सुखचंद फौजी, तेज सिंह जाटव, विजेंद्र, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

