अलवर चौपाटी फूड स्ट्रीट के लिए दुकानों की लॉटरी निकाली
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर शहर में नगर निगम की ओर से विकसित की जा रही अलवर चौपाटी फूड स्ट्रीट के लिए दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया को लेकर आज लॉटरी निकाली गई। इस योजना के तहत कुल 42 दुकानों (लॉट) के लिए लॉटरी प्रक्रिया संपन्न हुई। नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका ने जानकारी देते हुए बताया कि फूड स्ट्रीट में दुकान लगाने के इच्छुक लोगों से आवेदन आमंत्रित किए गए थे। नगर निगम को इस योजना के लिए कुल 363 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें 281 आवेदन फार्म सेलेक्ट किए गए, जिनमें से पात्र आवेदकों को लॉटरी प्रक्रिया में शामिल किया गया। आज पारदर्शी तरीके से लॉटरी निकालकर चयनित आवेदकों की सूची तैयार की गई। चयन प्रक्रिया नगर निगम परिसर में नियमानुसार की गई, ताकि किसी प्रकार की शिकायत या विवाद की स्थिति न बने।
नगर निगम आयुक्त ने बताया कि अलवर चौपाटी फूड स्ट्रीट का उद्देश्य शहरवासियों को एक व्यवस्थित, स्वच्छ और आकर्षक स्ट्रीट फूड हब उपलब्ध कराना है। इससे न केवल स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे, बल्कि अलवर आने वाले पर्यटकों को भी एक बेहतर फूड डेस्टिनेशन मिलेगा। लॉटरी में चयनित आवेदकों को जल्द ही आगे की औपचारिकताओं की जानकारी दी जाएगी, ताकि फूड स्ट्रीट को जल्द शुरू किया जा सके।


