मकराना में बढ़ते अपराध और पुलिस की कार्यशैली के खिलाफ 5 मार्च को होगा थाने पर धरना
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। मकराना में बिगड़ती कानून व्यवस्था और पुलिस की लापरवाही को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में भारी रोष है। जूसरी सरपंच प्रकाश भाकर ने कड़ा रुख अपनाते हुए प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है कि यदि अगले 24 घंटों में अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो कल मकराना थाने का घेराव किया जाएगा। विदित रहे कि गत 27 फरवरी 2026 की रात को मकराना में राह चलते दो युवकों, हन्नान और सोहेल पर अज्ञात अपराधियों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया था। इस हमले में हन्नान की पीठ पर तीन जगह वार किए गए, जिससे उन्हें 11 टांके आए हैं। सोहैल के पैर की जांघ पर गहरा वार किया गया, जिसके कारण उन्हें 36 टांके आए हैं।
सरपंच प्रकाश भाकर ने कहा कि घटना को 6 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस के हाथ खाली हैं। इतने गंभीर हमले के बाद भी अपराधियों का न पकड़ा जाना पुलिस की लापरवाही को दर्शाता है। भाकर ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने मुल्जिमों को फायदा पहुँचाने के लिए धाराओं के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ की, तो संबंधित अधिकारी इसके गंभीर परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें।
5मार्च को होगा थाने का घेराव
पुलिस प्रशासन ने अपराधियों को पकड़ने के लिए 24 घंटे का समय मांगा है। सरपंच भाकर ने स्पष्ट किया है कि यदि तय समय सीमा में गिरफ्तारी नहीं होती है, तो कल दिनांक 05/03/2026 (गुरुवार) को दोपहर 1:15 बजे मकराना थाने के सामने विशाल धरना दिया जाएगा। इस दौरान होने वाली किसी भी कानून-व्यवस्था की स्थिति की संपूर्ण जिम्मेदारी मकराना पुलिस प्रशासन की होगी।
"मकराना में अपराधी बेलगाम हैं और प्रशासन सो रहा है। जब तक कड़ी कार्यवाही नहीं होगी, अपराधियों के हौसले बुलंद रहेंगे। हमने पुलिस को पर्याप्त समय दिया है, अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।" — प्रकाश भाकर, सरपंच (जूसरी)