साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित, सम्पर्क पोर्टल प्रकरणों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण करें निस्तारण-जिला कलक्टर
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) सड़क, पेयजल, चिकित्सा, बिजली, शिक्षा सहित विभिन्न बिन्दुओं को लेकर जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
जिला कलक्टर ने स्वावलम्बन पोर्टल पर दिव्यांग प्रमाण पत्र से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए बताया कि वर्तमान में 2055 आवेदन लंबित हैं। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा प्रमुख चिकित्सा अधिकारी को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए सभी लंबित आवेदनों का शीघ्र शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लाडो प्रोत्साहन योजना में धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सीएमएचओ को संबंधित बीसीएमएचओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही पात्र बालिकाओं के प्रकरण एएनएम के सहयोग से ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कर आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कहा।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के सत्यापन कार्य की समीक्षा करते हुए उन्होंने बताया कि जिले में नदबई, बयाना और वैर ग्रामीण क्षेत्रों तथा भरतपुर शहर में सत्यापन कार्य की प्रगति अपेक्षाकृत कम है। उन्होंने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक को टीम गठित कर अभियान चलाने तथा परिजनों से लिखित रिपोर्ट लेने के निर्देश दिए। साथ ही नगर निगम आयुक्त और विकास अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए कहा। नगर निगम आयुक्त को शहर में वार्डवार साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए गीले और सूखे कचरे के बेहतर प्रबंधन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कार्यकारी एजेंसी कचरा प्रबंधन में लापरवाही बरतती है तो उसे नोटिस जारी किया जाए।
उन्होंने पीएचईडी अधिकारियों को ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए खराब मोटर पंपों की जांच कर उन्हें शीघ्र ठीक कराने तथा ग्राम पंचायतों के सहयोग से पेयजल आपूर्ति सुचारु रखने को कहा। साथ ही विद्युत विभाग को पीएचईडी प्रोजेक्टों में बिजली कनेक्शन कराने के लिए खेरिया और मिलकपुर गांवों में बयाना उपखंड अधिकारी और पुलिस के सहयोग से कार्य कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने सीएम सम्पर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों को लेकर नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को असंतुष्ट श्रेणी के प्रकरणों में प्रतिदिन प्रार्थियों से संपर्क कर जांच करने एवं प्रकरणों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने की बात कही। नगर निगम आयुक्त को सभी नगरपालिकाओं के ईओ को प्रतिदिन कम से कम 5 संतुष्टि परिवादों की जांच करने के निर्देश भी दिए।
जिला कलक्टर ने उप रजिस्ट्रार सहकारिता को आवश्यक क्षेत्रों में सहकारी गोदाम निर्माण के लिए उपखंड अधिकारियों से समन्वय कर भूमि उपलब्ध कराने तथा प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। साथ ही उच्चैन में सरसों क्रय केंद्र खोलने के लिए बैंक अधिकारियों के साथ भ्रमण करने को कहा। अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को आईटीआई में अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों को जोड़ने के लिए प्रेरित करने तथा बीडीए सचिव को अल्पसंख्यक छात्रावास के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। जिला रसद अधिकारी को गैस सिलेंडर आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वाटरशेड सेल कम डाटा सेंटर की समीक्षा करते हुए वन, पंचायती राज और कृषि विभाग को 629 लंबित जलशेड प्रबंधन गतिविधियों में प्रगति लाने को कहा। हॉर्टिकल्चर विभाग को अपने विकास कार्यों में एक सप्ताह में शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पंच गौरव, जिंदल हॉस्पिटल के निकट सड़क मरम्मत, होम्योपैथिक कॉलेज के लिए भूमि आवंटन, श्यामा प्रसाद मुखर्जी ऑडिटोरियम, श्मशान तथा चारागाह भूमि चिन्हित करने जैसे विषयों पर भी अधिकारियों से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सीईओ मृदुल सिंह, एडीएम प्रशासन घनश्याम शर्मा, सिटी राहुल सैनी, बीडीए सचिव सुरेश नवल, नगर निगम आयुक्त श्रवण विश्नोई, उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता, पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता आरसी मीना, पीएचईडी अधिकारी नरेंद्र वर्मा, विद्युत अधीक्षण अभियंता रामहेत मीना, सीएमएचओ डॉ. गौरव कपूर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।