ऊंट ले जा रहे तस्कर गाड़ी छोड़कर भागे: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कार्रवाई, पिकअप जब्त
अलवर की गोविंदगढ़ थाना पुलिस ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से एक पिकअप वाहन को ऊंट सहित जब्त किया है। यह ऊंट एक्सप्रेसवे के रास्ते हरियाणा की ओर ले जाया जा रहा था।
पुलिस को देर रात करीब 3 बजे सूचना मिली कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हरियाणा जाने वाले मार्ग पर एक पिकअप लावारिस खड़ी है और उसका टायर भी फटा हुआ है। सूचना पर गोविंदगढ़ थाने से एएसआई भूप सिंह पुलिस बल के साथ इंदपुर के पास चैनल नंबर 87.9 पर पहुंचे।
- गाड़ी में एक ऊंट रस्सियों से बंधा था
मौके पर एक पिकअप गाड़ी खड़ी मिली, जिसकी ड्राइवर सीट पर कोई नहीं था। पिकअप का पिछला डाला ऊंचा और बंद था। उसे खोलने पर अंदर एक ऊंट रस्सियों से बंधा हुआ मिला। मौके पर कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था।
पुलिस गाड़ी और ऊंट को गोविंदगढ़ थाने ले गई। अज्ञात लोगों के खिलाफ राजस्थान ऊंट (वध का प्रतिषेध और अस्थायी प्रव्रजन या निर्यात का विनियमन) अधिनियम, 2015 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।