एंजल एकेडमी स्कूल खैरथल ने वाणिज्य वर्ग में गाड़े सफलता के झंडे; जिले में प्रथम स्थान हासिल, 98% अंक के साथ भूमिका रोचवानी बनी जिला टॉपर
खैरथल (हीरालाल भूरानी) राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित वाणिज्य वर्ग के परीक्षा परिणामों में एंजल एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल खैरथल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती ज्योति आड़तानी ने बताया कि स्कूल ने एक बार फिर अपनी सफलता की परंपरा को कायम रखते हुए उत्कृष्ट परिणाम दिए हैं। विद्यालय की छात्रा भूमिका रोचवानी ने 98% अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया।
प्राचार्या ने बताया कि वाणिज्य वर्ग में कुल 40 विद्यार्थियों में से 21 ने 90% से अधिक और 13 विद्यार्थियों ने 95% से अधिक अंक प्राप्त किए हैं, जो विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रमाण है। इस सफलता पर विद्यालय में जश्न का माहौल है। छात्र-छात्राओं का फूल-मालाओं से स्वागत कर मिठाई बांटी जा रही है और ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी का इजहार किया जा रहा है। प्राचार्या ज्योति आड़तानी ने विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को इस सफलता का श्रेय देते हुए सभी को बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।