62 बीघा में आधुनिक न्यायालय परिसर का भूमि पूजन, बार की नई कार्यकारिणी ने संभाली कमान

Apr 5, 2026 - 18:49
 0
62 बीघा में आधुनिक न्यायालय परिसर का भूमि पूजन, बार की नई कार्यकारिणी ने संभाली कमान

भीलवाड़ा, (बृजेश शर्मा) जिले में न्यायिक ढांचे को नई ऊंचाई देने वाले ऐतिहासिक कार्यक्रम के रूप में शुक्रवार को सांगानेर–तस्वारिया स्थित 62 बीघा भूमि पर आधुनिक जिला न्यायालय परिसर के निर्माण हेतु विधिवत भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दिया कुमारी, राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधिपति संजीव प्रकाश शर्मा सहित न्यायपालिका के कई वरिष्ठ न्यायाधिपतियों ने शिरकत की। इसी मंच पर जिला अभिभाषक संस्था, भीलवाड़ा की नव-निर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण भी सम्पन्न हुआ।
मुख्य न्यायाधिपति संजीव प्रकाश शर्मा ने कहा कि न्याय व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग आवश्यक है, परंतु समाधान हमेशा व्यावहारिक होने चाहिए। उन्होंने ई-कोर्ट, डिजिटल फाइलिंग और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जैसी तकनीकों को न्यायिक प्रक्रिया को पारदर्शी व प्रभावी बनाने का प्रमुख माध्यम बताया। उन्होंने अपेक्षा जताई कि प्रस्तावित न्यायालय परिसर में पर्याप्त कोर्ट रूम, डिजिटल रिकॉर्ड सुविधा, अधिवक्ता चैंबर, पुस्तकालय, पार्किंग और प्रतीक्षालय जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित हों।

उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि यह भूमि पूजन केवल एक निर्माण कार्य की शुरुआत नहीं, बल्कि न्याय के सुदृढ़ भविष्य की नींव है। उन्होंने कहा कि जब न्याय व्यवस्था सुलभ और प्रभावी होती है, तभी लोकतंत्र मजबूत होता है और जनता का विश्वास बढ़ता है।
न्यायाधिपति डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी ने न्यायिक क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती सहभागिता को उत्साहजनक बताया, वहीं न्यायाधिपति फरजंद अली ने युवा अधिवक्ताओं को अधिक से अधिक अध्ययन और परिश्रम का संदेश दिया। न्यायाधिपति प्रवीण भटनागर ने बार की नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए कहा कि अधिवक्ता न्याय के प्रहरी हैं और समाज में विधि व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ।
इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अभय जैन ने कहा कि 62 बीघा भूमि का आवंटन न्यायिक अवसंरचना को मजबूती देगा और वर्षों से स्थानाभाव की वजह से उत्पन्न समस्याओं का समाधान करेगा। बार अध्यक्ष उम्मेद सिंह राठौड़ ने कहा कि नया न्यायालय परिसर आने वाले समय में हजारों लोगों को पारदर्शी व प्रभावी न्याय की सुविधा देगा।

समारोह के दौरान अध्यक्ष उम्मेद सिंह राठौड़, उपाध्यक्ष महिपाल सिंह राणावत, महासचिव पंकज दाधीच, रेवेन्यू महासचिव मनोहर लाल बुनकर, कोषाध्यक्ष रवि गोरानी, सहसचिव आदित्य सिंह चौहान और पुस्तकालय सचिव प्रताप तेली सहित कार्यकारिणी सदस्यों को शपथ दिलाई गई। पूर्व अध्यक्ष राजेश शर्मा ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियाँ साझा कर नई कार्यकारिणी को जिम्मेदारी सौंपी। मंच संचालन विशिष्ट न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रियंका पुरोहित और अशोक व्यास ने किया।
कार्यक्रम में शहर विधायक अशोक कोठारी, मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना, सहाड़ा विधायक लादूलाल पितलिया, शाहपुरा विधायक लालाराम बैरवा, जनप्रतिनिधि प्रशांत मेवाड़ा, जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू, पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता, न्यायिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में अभिभाषक संस्था के पदाधिकारियों का विशेष सहयोग रहा।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................