रामेश्वरम की सुखद तीर्थ यात्रा कर लौटे कस्बे के श्रद्धालु, वैर में हुआ भव्य स्वागत
वैर (भरतपुर/ कौशलेन्द्र दत्तात्रेय)। राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत रामेश्वरम धाम की यात्रा पर गया कस्बा वैर के श्रद्धालुओं का दल मंगलवार को सकुशल वापस लौटा। तीर्थयात्रियों के कस्बे में आगमन पर स्थानीय नागरिकों और परिजनों ने उनका फूल-मालाओं और मिठाई के साथ जोरदार स्वागत किया।
लघु काशी के नाम से विख्यात एवं श्री श्री 1008 श्री बाबा मनोहर दास जी महाराज की तपोस्थली, वैर से यह दल गत 31 मार्च को रामेश्वरम के लिए रवाना हुआ था। दल में त्रिलोक चंद गोयल, ऊषा गुप्ता, लक्ष्मण प्रसाद गर्ग, पार्वती देवी, सुरेश मंगल, सरला देवी, अनिल कुमार तथा सतीश सिंघल (लखनपुर वाले) शामिल थे।
मंदिर में टेका मत्था: - 7 अप्रैल को यात्रा पूर्ण कर लौटे सभी तीर्थयात्रियों ने सबसे पहले कस्बे के आराध्य देव श्री श्री 1008 श्री बाबा मनोहर दास जी महाराज के मंदिर प्रांगण पहुँचकर पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने सुखद एवं मंगलमय यात्रा संपन्न होने पर बाबा की प्रतिमा के समक्ष ढोक लगाकर आशीर्वाद लिया।
उत्साह के साथ हुआ अभिनंदन: इस मांगलिक अवसर पर छैल बिहारी गोयल, ऋषि मोहन गोयल, मोहित गोयल, रोहित गोयल, राजकुमार सिंघल, पंकज गोयल सहित बड़ी संख्या में कस्बेवासियों ने तीर्थयात्रियों का आत्मीय स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने अपनी यात्रा के अनुभव साझा करते हुए सरकार की इस योजना की सराहना की और इसे वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक पुनीत कार्य बताया।

