गोविंदगढ़ में गांजे के साथ युवक गिरफ्तार:पुलिस ने 139 ग्राम गांजा और बाइक भी जब्त की
गोविंदगढ़ (अलवर)। जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन एंटी वेनम 2.0' एवं 'ऑपरेशन विजय प्रहार' के तहत गोविंदगढ़ थाना पुलिस ने सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक युवक को 139 ग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त बाइक भी जब्त की है।
थानाधिकारी धर्मसिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी परविन्द्र सिंह (28) पुत्र होसियार सिंह, निवासी सहजपुर को दबोचा। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
नेटवर्क की तलाश: पुलिस अब इस मामले में गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त से जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह खेप कहाँ से लाया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।

