अवैध अफीम तस्करी पर कोटड़ी पुलिस का शिकंजा; स्कॉर्पियो से 51.16 ग्राम अफीम बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
भीलवाड़ा (बृजेश शर्मा) कोटड़ी थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़कर उनके कब्जे से 51.16 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है। पुलिस ने अफीम परिवहन में उपयोग में ली जा रही स्कॉर्पियो गाड़ी को भी जब्त किया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है।
एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव (IPS) के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा राजेश आर्य के सुपरविजन तथा वृताधिकारी कोटड़ी सुरेश डाबरिया के निर्देशन में थानाधिकारी महावीर प्रसाद के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
संदिग्ध स्कॉर्पियो की तलाशी में मिली अफीम
दिनांक 06 अप्रैल 2026 को थानाधिकारी महावीर प्रसाद विशेष टीम के साथ गश्त पर थे। इस दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो (RJ 35 UB 7861) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गियर बॉक्स के पास छिपाई गई 51.16 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।
दो आरोपी गिरफ्तार, स्कॉर्पियो जब्त
दिलखुष पुत्र शंकरलाल गुर्जर, उम्र 27, निवासी कोदिया, थाना कोटड़ी और श्यामलाल पुत्र प्रभु बैरवा, उम्र 25, निवासी कोदिया, थाना कोटड़ी दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि यह अफीम कहां से खरीदी गई और किसे सप्लाई की जानी थी।


