पुर रोड पर निगम का बुलडोज़र गरजा: मिनटों में ढहा दिए ‘सपनों के केबिन’, अतिक्रमणकारियों में हड़कंप, भारी मात्रा में सामान जब्त
भीलवाड़ा (बृजेश शर्मा) शहर की सड़कों को अतिक्रमण के पंजों से छुड़ाने के लिए नगर निगम ने मंगलवार को सख्त रुख अपना लिया। आयुक्त हेमाराम चौधरी के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दल ने पुर रोड क्षेत्र में बड़ा अभियान चलाते हुए गंगापुर चौराहे से पांसल चौराया मार्ग तक जमाए गए अवैध कब्जों पर बुलडोज़र चला दिया।
सड़क किनारे फैले अस्थाई केबिन, तिरपाल ढांचे, फ्रिज–टोकरे और जगह-जगह रास्ता रोकते विज्ञापन बोर्ड—सबकुछ कुछ ही मिनटों में ज़मीनदोज़ हो गया। कई स्थानों पर स्थिति इतनी बदतर थी कि सड़क कम और कब्जे ज्यादा दिखाई दे रहे थे।
होमगार्ड प्रभारी जोरावर सिंह के नेतृत्व में टीम जब लाव-लश्कर के साथ पुर रोड पहुंची, तो अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। निगम की जेसीबी मशीनों के गरजते ही सड़क सीमा में खड़े कब्जे एक-एक कर ढहते चले गए। कार्रवाई के दौरान निगम ने भारी मात्रा में सामान भी जब्त किया।
जो लोग सड़कों को अपनी जागीर समझते हुए ‘आज थोड़ा-सा रखा है, कल और बढ़ा लेंगे’ की मानसिकता में फल-फूल रहे थे, उनके लिए यह कार्रवाई तगड़ा झटका साबित हुई। शहर की जनता की आवाज़ दबाकर कब्जे जमाने वालों को निगम ने आखिरकार कानून का आईना दिखा ही दिया।
निगम का साफ संदेश नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि मुख्य मार्गों पर यातायात में बाधा बनने वाले किसी भी स्थाई या अस्थाई अतिक्रमण को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज होगा।
“सड़क जनता की है, कब्जा करने वालों की नहीं… और निगम का बुलडोज़र अब रुकने वाला नहीं।”

