धौलागढ़ माता मेले का भव्य शुभारंभ, विधायक रमेश खींची ने किया उद्घाटन
कठूमर (दिनेश लेखी) उपखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध एवं आस्था के केंद्र धौलागढ़ माता के वार्षिक मेले का विधिवत शुभारंभ सोमवार को मुख्य अतिथि विधायक रमेश खींची द्वारा किया गया। इस अवसर पर मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत के सरपंच रामचरण यादव ने की।
ग्राम विकास अधिकारी सूर्यप्रकाश शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपखंड अधिकारी श्याम सुंदर चेतीवाल, तहसीलदार भानुप्रताप, विकास अधिकारी शिवराम मीणा, धौलागढ़ थानाधिकारी रामजीलाल मीणा तथा भाजपा मंडल अध्यक्ष (खोह) विक्रम शर्मा उपस्थित रहे।
विधायक रमेश खींची ने विधि-विधान के साथ माता धौलागढ़ देवी की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से सामाजिक एकता और आपसी भाईचारा मजबूत होता है। मेले के आयोजन से क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं को भी बढ़ावा मिलता है।
मेले में विभिन्न प्रकार की झांकियां, दुकानों एवं मनोरंजन के साधनों ने आकर्षण का केंद्र बनाया, वहीं श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मेले के सफल आयोजन को लेकर प्रशासन एवं ग्रामीणों द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
इस मौके पर मुरारी नाटोज, अजीत गुर्जर, कल्लू चौधरी, हरवीर चौधरी बींजला, गुड्डू मसारी, समसिंह अर्रूआ, श्रीभान सिंह सौंख, रणवीर सिंह, सियाराम पटेल, मुकेश शर्मा, सुकेश, गोविंद सिंह, रमेश सिंह, उपसरपंच बलराम राजपूत सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


