जिला एवं सैशन न्यायाधीश ने दिखाई मानवीय संवेदनशीलता गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को प्रथम तल से नीचे आकर सौंपा; अवार्ड राशि का चैक
दौसा,(अवधेश अवस्थी) जिला एवं सैशन न्यायाधीश केशव कौशिक ने बुधवार को मानवीय संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को न्यायालय के प्रथम तल से स्वयं नीचे उतरकर अवार्ड राशि का चैक प्रदान किया।
प्रकरण के अनुसार राजस्थान उच्च न्यायालय लीगल सर्विस कमेटी जयपुर की ओर से सीएमए संख्या 4066/2023 भगवान सहाय बनाम अमर सिंह व अन्य में राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से 19 दिसंबर 2025 को अवार्ड पारित किया गया था। इस अवार्ड के तहत बीमा कंपनी को प्रार्थी भगवान सहाय को एमएसीटी अवार्ड के अतिरिक्त 16 लाख 75 हजार रुपये देने के निर्देश दिए गए थे। आदेश की पालना में श्रीराम जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड द्वारा उक्त राशि अधिकरण के खाते में जमा कराई गई।
उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार न्यायाधीश केशव कौशिक ने यह राशि महवा तहसील के पीपलखेड़ा निवासी प्रार्थी भगवान सहाय पुत्र बृजमोहन के बचत खाते में जमा कराने के आदेश भी जारी किए।
दुर्घटना में रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर होने के कारण घायल व्यक्ति चलने-फिरने में असमर्थ था और न्यायालय कक्ष तक पहुंच पाना उसके लिए संभव नहीं था। ऐसी स्थिति में न्यायाधीश कौशिक स्वयं न्यायालय कक्ष से नीचे आए और परिसर में खड़े वाहन में लेटे घायल व्यक्ति को अपने हाथों से अवार्ड राशि का चैक सौंपा।
घायल की स्थिति को देखते हुए न्यायाधीश द्वारा स्वयं नीचे आकर चैक प्रदान करना न केवल उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है, बल्कि न्यायपालिका के प्रति आमजन के विश्वास और सम्मान को भी और अधिक मजबूत करता है। यह पहल न्यायिक दायित्वों के साथ-साथ मानवीय मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव संतोष अग्रवाल, प्रार्थी के अधिवक्ता हुक्म सिंह अवाना एवं न्यायालय स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने न्यायाधीश केशव कौशिक की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा की।

