तखतगढ़ पुलिस की बड़ी कार्यवाही; वांछित अपराधियों के विरुद्ध अभियान: शातिर नकबजन, पोक्सो एक्ट का आरोपी और अवैध हथियार सप्लायर गिरफ्तार
तखतगढ़ (पाली/ बरकत खान) जिला पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका सेन (IPS) द्वारा जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, तखतगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन अलग-अलग गंभीर प्रकरणों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्यवाही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (बाली) चैन सिंह महेचा एवं पुलिस उप अधीक्षक (सुमेरपुर) जितेन्द्र सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी शैतान सिंह सारण के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।
1. दो दर्जन मामलों का आरोपी शातिर नकबजन दिनेश गिरफ्तार
तखतगढ़ कस्बे के गौरव पथ रोड स्थित प्रार्थी भरत प्रजापत के बंद मकान में दिनांक 22/01/2026 को हुई चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी दिनेश कुमार (32) पुत्र निवासी सामुजा (आहोर) को गिरफ्तार किया है।
-
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी, नकबजनी और मारपीट के दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से चोरी किए गए माल की बरामदगी और अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
2. पोक्सो और हत्या के प्रयास का वांछित अभियुक्त हेमाराम दबोचा
पुलिस टीम ने तकनीकी आसूचना के आधार पर प्रकरण संख्या 67/2026 में वांछित आरोपी हेमाराम (47) पुत्र निवासी लापोद को गिरफ्तार किया है। उक्त आरोपी पर पोक्सो अधिनियम और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज था। अनुसंधान के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
3. अवैध हथियार सप्लायर विनोद कुमार गिरफ्तार
हथियार तस्करी के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए पुलिस ने विनोद कुमार प्रजापत (30) निवासी चाणोद को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने प्रकरण संख्या 73/2026 में पूर्व में गिरफ्तार अभियुक्त संजय कुमार को अवैध हथियार सप्लाई करना स्वीकार किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
- विशेष टीम का गठन
इस सफल कार्यवाही में थानाधिकारी शैतान सिंह सारण के साथ हेड कांस्टेबल पदमाराम (अनुसंधान अधिकारी), कांस्टेबल जसाराम, श्रवण कुमार, चेलराम, सांवलाराम, जेठाराम, नेमाराम, निकुसिंह, ओमप्रकाश और उमरदीन खां की मुख्य भूमिका रही। साथ ही पाली से शैलेंद्र भाटी, जोगेंद्र सिंह और अमरेश पुरी का विशेष सहयोग रहा।
थानाधिकारी का संदेश: "अपराधियों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। क्षेत्र में शांति भंग करने वाले और अवैध गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।"


