लक्ष्मणगढ़ में बंदरों का आतंक: राष्ट्रीय पक्षी मोर को पटक-पटक कर मार डाला, ग्रामीणों में दहशत
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन)। कस्बे के रोणीजा रोड स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर क्षेत्र में गुरुवार सुबह बंदरों के झुंड ने राष्ट्रीय पक्षी मोर पर जानलेवा हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र के निवासियों में गहरा आक्रोश और बंदरों के बढ़ते आतंक को लेकर भय व्याप्त है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बंदरों के एक बड़े समूह ने रिहाइशी इलाके में मोर को घेर लिया। बंदरों ने न केवल मोर के पंख नोचे, बल्कि उसे जमीन पर पटक-पटक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे राष्ट्रीय पक्षी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के दौरान मोहल्ले में हड़कंप मच गया, लेकिन बंदरों की आक्रामकता के आगे लोग बेबस नजर आए।
राष्ट्रीय पक्षी के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए कस्बे के जागरूक नवयुवकों ने एकत्रित होकर घटनास्थल के पास ही गड्ढा खोदा और मृत मोर को ससम्मान दफनाया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कस्बे में बंदरों की संख्या और उनका हिंसक व्यवहार अब वन्यजीवों के संरक्षण के लिए बड़ा खतरा बन गया है। बंदर न केवल पक्षियों को मार रहे हैं, बल्कि राहगीरों और बच्चों पर भी आए दिन हमला कर रहे हैं। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन और वन विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है ताकि बंदरों को पकड़कर आबादी क्षेत्र से दूर छोड़ा जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लग सके।


