खेड़ली में सांसद संजना जाटव ने की जनसुनवाई, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
खेड़ली (दिनेश लेखी) खेड़ली स्थित सांसद कार्यालय में गुरुवार को सांसद संजना जाटव ने जनसुनवाई आयोजित कर संसदीय क्षेत्र से आए आमजन की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे, जिनका सांसद ने गंभीरता से संज्ञान लिया।
इस अवसर पर सांसद संजना जाटव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़े, इसके लिए प्रशासन को तत्परता से कार्य करना होगा।
सांसद ने कहा कि वे क्षेत्र की जनता की सेवा के लिए हमेशा उपलब्ध हैं और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई में आए लोगों ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सांसद द्वारा उठाए गए त्वरित कदमों की सराहना की और उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह उनकी समस्याओं का समाधान होता रहेगा।

