लिव-इन पार्टनर और उसके 3 साल के बेटे की कुल्हाड़ी से नृशंस हत्या, मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार
झांसी (शशि जायसवाल) जनपद के लहचूरा थाना क्षेत्र के बरौटा गांव में हुई दिल दहला देने वाली मां-बेटे की हत्या का झांसी पुलिस और एसओजी (SOG) टीम ने सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी चतुर्भुज पटेल उर्फ दीपक को गिरफ्तार किया है, जिसके पैर में गोली लगी है।
- घटना का संक्षिप्त विवरण:
आरोपी चतुर्भुज पटेल (40), जो गुरुग्राम में डिलीवरी बॉय का काम करता था, अपनी लिव-इन पार्टनर नीलू (30) और उसके 3 वर्षीय बेटे कृष्णा के साथ 1 अप्रैल को अपने पैतृक गांव बरौटा आया था। 2 अप्रैल की रात नीलू द्वारा अपने पति के पास वापस जाने की जिद करने पर हुए विवाद में आरोपी ने कुल्हाड़ी से काटकर दोनों की निर्मम हत्या कर दी।
- साक्ष्य मिटाने की क्रूर कोशिश:
आरोपी ने दो दिनों तक शवों को घर में छिपाए रखा। पहचान मिटाने के उद्देश्य से उसने महिला का चेहरा पत्थर से कुचलकर शव को 600 मीटर दूर फेंक दिया, जबकि मासूम बच्चे के शव को भूसे के ढेर में रखकर आग लगा दी।
- कैसे पकड़ा गया कातिल?
लहचूरा थाना प्रभारी सरिता मिश्रा द्वारा 'मिशन शक्ति' अभियान के तहत रजिस्टर की जांच और आरोपी की पत्नी से सघन पूछताछ के दौरान संदेह की सुई दीपक पर घूमी। बुधवार रात जब पुलिस और एसओजी टीम ने घेराबंदी की, तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।
- बरामदगी एवं विधिक कार्रवाई:
पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी के साक्ष्य, एक अवैध तमंचा, कारतूस और घटना से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं।
एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि आरोपी ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। उसे उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है और मामले में कड़ी कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।


