गोरखपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 9वीं की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले में होटल संचालक सहित 4 गिरफ्तार, अन्य हिरासत में
चौरी-चौरा (गोरखपुर/ शशि जायसवाल): चौरी-चौरा थाना क्षेत्र से चार महीने पहले लापता हुई कक्षा नौवीं की एक छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को होटल संचालक धर्मराज यादव सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़ित किशोरी ने अपने बयान में 10 लोगों पर अलग-अलग स्थानों पर दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, किशोरी नवंबर 2025 में अपने कॉलेज से अचानक गायब हो गई थी। गुजरात में कार्यरत उसके पिता ने काफी खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। करीब चार महीने बाद, 23 मार्च को पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। मेडिकल जांच और कोर्ट में दर्ज कराए गए बयानों से दुष्कर्म की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने मामले में दुष्कर्म की धाराएं जोड़ दीं।
इन आरोपियों को भेजा गया जेल
पुलिस ने मोबाइल की सीडीआर (CDR), सीसीटीवी फुटेज और अन्य ठोस साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए निम्नलिखित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बुधवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से धर्मराज यादव: तरकुलहा स्थित मधुबन होटल का संचालक (पलिया निवासी), मोनू उर्फ मनीष राजभर: बरही निवासी ऑटो चालक, किशन उर्फ बिट्टू: भगवानपुर टोला तुलसीपुर निवासी दिहाड़ी मजदूर, समीर उर्फ दिलशाद: डुमरी खुर्द निवासी को जेल भेज दिया गया।
सफेदपोशों की पैरवी बेअसर
सूत्रों के अनुसार, जैसे ही पुलिस ने होटल संचालक धर्मराज यादव को हिरासत में लिया, उसे बचाने के लिए स्थानीय और बाहरी लोगों का थाने पर जमावड़ा लग गया। थाना प्रभारी और सीओ तक फोन के जरिए दबाव बनाने और नरमी बरतने की कोशिश की गई। बताया जा रहा है कि कई सफेदपोश भी आरोपी की पैरवी में जुटे थे, लेकिन पुलिस ने किसी भी दबाव को स्वीकार नहीं किया और सख्ती दिखाते हुए आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस मामले की कड़ी से कड़ी जोड़कर जांच कर रही है। एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र ने बताया कि छात्रा के बयानों के आधार पर पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। चार की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य छह संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की गिरफ्तारी की जाएगी।
पीड़िता तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी है। उसके पिता गुजरात में नौकरी करते हैं और मां गृहिणी है। फिलहाल, पुलिस अन्य आरोपियों की संलिप्तता की गहन जांच कर रही है।


