ग्राम सेडू का नंगला के सरकारी विद्यालय को वाटर कूलर भेंट, भामाशाहों का किया सम्मान
कठूमर (दिनेश लेखी) उपखंड क्षेत्र के ग्राम सेडू का नंगला (श्रीरामपुरा) निवासी स्वर्गीय उमदाराम पटेल, स्वर्गीय रामसिंह एवं रामप्रसाद की पुण्यतिथि के अवसर पर उनके सुपौत्रों द्वारा सराहनीय सामाजिक पहल करते हुए राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय श्रीरामपुरा में वाटर कूलर सप्रेम भेंट किया गया।
वाटर कूलर का उद्घाटन मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राधेश्याम एवं ग्राम पंचायत प्रशासक हरवीर चौधरी के कर कमलों द्वारा विधिवत रूप से किया गया।
उल्लेखनीय है कि यह वाटर कूलर श्रीचन्द्र प्रकाश मीना पुत्र इन्द्र सिंह, बलराम मीना पुत्र धनीराम एवं उपेन्द्र मीना पुत्र मुखराम द्वारा भेंट किया गया, जिससे विद्यालय के विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से संस्था प्रधान कपूर चन्द, फूलसिंह, धर्मवीर कोली, पूजा बाई, शैतान एवं सुश्री सलोनी कुमावत ने सभी आगंतुक भामाशाहों एवं ग्रामवासियों का साफा बांधकर आत्मीय स्वागत किया।
उपस्थित वक्ताओं ने भामाशाहों की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया तथा शिक्षा एवं सामाजिक सरोकारों में ऐसे सहयोग को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

