गोविंदगढ़ मे 'ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे' अभियान के तहत बच्चों को सिखाए कानूनी साक्षरता के पाठ; साइबर अपराधों से बचाव के लिए न्यायिक मजिस्ट्रेट ने किया जागरूक
अलवर जिले के गोविंदगढ़ के भारतीय आदर्श विद्यापीठ सीनियर सेकेंडरी स्कूल में स्टूडेंट्स को साइबर सुरक्षा और कानूनी साक्षरता के प्रति जागरूक किया गया। सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट नीतू गुप्ता ने स्टूडेंट्स को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। यह कार्यक्रम राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा शुरू किए गए विशेष 'ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे: नेविगेटिंग लाइफ लीगली' अभियान का हिस्सा था। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को कानूनी रूप से जागरूक करना है।
न्यायिक मजिस्ट्रेट नीतू गुप्ता ने स्टूडेंट्स को साइबर सुरक्षा और डिजिटल अरेस्ट जैसी घटनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने इन अपराधों से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि बच्चों की नादानी के कारण वे अक्सर ऐसे अपराधों का शिकार हो जाते हैं, इसलिए उन्हें जागरूक करना महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल में एक शिकायत पेटिका भी स्थापित की गई है। इसमें स्टूडेंट्स अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। इस मौके पर सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट नीतू गुप्ता के साथ सावलिया राम सैनी, रजिंदर कौर, स्कूल स्टाफ और कोर्ट स्टाफ सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


