महात्मा श्री कालिदास जी महाराज का भव्य ऐतिहासिक मेला आज; झडाया धाम पर पोस्टर विमोचन के साथ तैयारियां पूर्ण
उदयपुरवाटी (सुमेरसिंह राव)। नीमकाथाना क्षेत्र के ग्राम टोडा दरीबा स्थित श्री ध्यान दास जी महाराज आश्रम 'दाऊ धाम' (काला कोट) में आज, 11 अप्रैल शनिवार को महात्मा श्री कालिदास जी महाराज के भव्य ऐतिहासिक मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को धाम पर विशाल भजन सत्संग का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्ति रस का आनंद लिया।
मेले का आयोजन टोडा धाम के परम पूज्य अनंत विभूषित श्रीमद् जगतगुरु बाहुबलद्वाराचार्य पीठाधीश्वर बलदेवाचार्य जी महाराज के दिव्य सानिध्य में किया जा रहा है। शनिवार को आयोजित होने वाले मुख्य मेले में कलाकारों द्वारा विशेष 'नहडा प्रोग्राम' की प्रस्तुति दी जाएगी, जो आकर्षण का केंद्र रहेगा।
मेले की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को झडाया बजरंग धाम आश्रम पर मंदिर के महंत महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 श्री सीताराम दास जी महाराज के सानिध्य में भव्य पोस्टर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित समाजसेवी मदनलाल भावरिया ने कहा कि "धार्मिक मेलों के आयोजन से ही समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की भावना को मजबूती मिलती है।"
पोस्टर विमोचन के दौरान सेवानिवृत्त पीटीआई भगवान शाह यादव, महेंद्र तेतरवाल, विकास जांगिड़, सुमेर सिंह राव सहित कई ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। आश्रम प्रबंधन एवं मेला कमेटी द्वारा सभी भक्तों से मेले में पहुँचकर धर्म लाभ लेने की अपील की गई है।

