अतिक्रमण पर चला बुलडोजर: गोलपुरा रोड से मथुरा बायपास तक सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) भरतपुर में नगर निगम ने सड़क चौड़ीकरण को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए गोलपुरा रोड पर अतिक्रमण हटाए। निगम आयुक्त श्रवण कुमार विश्नोई के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में दर्जनों अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए।
भरतपुर में नगर निगम ने सड़क चौड़ीकरण अभियान के तहत गोलपुरा रोड से मथुरा बायपास तक बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त श्रवण कुमार विश्नोई के नेतृत्व में जेसीबी मशीनों की मदद से की गई, जिसमें अग्रसेन कॉलेज से लेकर मथुरा बायपास तक बने दर्जनों अतिक्रमण ध्वस्त कर दिए गए।
नगर निगम द्वारा पूर्व में अतिक्रमणकारियों को 15 दिन का समय दिया गया था। इस दौरान कुछ लोगों ने स्वयं ही अपने अतिक्रमण हटा लिए, जबकि कई लोगों ने ऐसा नहीं किया। निर्धारित समय सीमा पूरी होने के बाद निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए आज कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने हल्का विरोध भी जताया, लेकिन प्रशासन की समझाइश के बाद स्थिति नियंत्रित रही और अतिक्रमण हटाने का कार्य जारी रखा गया। मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए थे, जिसे देखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का पर्याप्त जाप्ता तैनात किया गया।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, गोलपुरा रोड को 60 फीट चौड़ा किया जाएगा और साथ ही नालों का निर्माण भी कराया जाएगा। इससे क्षेत्र में जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रशासन का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने के लिए आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

