उदयपुरवाटी में जनगणना 2027 के प्रथम चरण का शुभारंभ; मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य के लिए प्रगणक-पर्यवेक्षक रवाना
उदयपुरवाटी (सुमेरसिंह राव) जनगणना 2027 के प्रथम चरण की शुरुआत शनिवार को उदयपुरवाटी तहसील कार्यालय से की गई। इस अवसर पर मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य के लिए नियुक्त प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को रवाना किया गया।
तहसील जनगणना अधिकारी झुंडा राम कुड़ी ने बताया कि प्रथम चरण के अंतर्गत क्षेत्र में प्रत्येक मकान, परिवार और आधारभूत सुविधाओं का विवरण एकत्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनगणना देश का महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम है, जिसके आंकड़े भविष्य की योजनाओं और विकास कार्यों की रूपरेखा तय करने में उपयोग किए जाते हैं।
उन्होंने सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को निर्देश देते हुए कहा कि सर्वे कार्य पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ किया जाए, ताकि सही और सटीक आंकड़े प्राप्त हो सकें। साथ ही आमजन से भी जनगणना दल को आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाकर सहयोग करने की अपील की गई।
कार्यक्रम के दौरान फील्ड ट्रेनर सुभाष चंद सैनी, नरेंद्र कुमार, प्रकाश चंद सैनी, नगरपालिका उदयपुरवाटी के चार्ज अधिकारी दल से रामवतार सैनी, आकाश असवाल, पर्यवेक्षक कनखाराम मीणा, कैलाश चंद मीणा, रामस्वरूप सैनी, शारदा गिल, संतोष कुमारी, पूजा देवतवाल एवं सुमन कुमारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


