ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से एएसआई मंगतूराम जाट का निधन; राजकीय सम्मान के साथ पैतृक गांव हुल्याना में हुआ अंतिम संस्कार, पुलिस विभाग ने दी गार्ड ऑफ ऑनर
कठूमर (दिनेश लेखी) कठूमर क्षेत्र के हुल्याना गांव निवासी एवं राजस्थान पुलिस में कार्यरत एएसआई मंगतूराम जाट (43) पुत्र अमरसिंह का शनिवार को ड्यूटी के दौरान हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार मंगतूराम जाट कोटा सिटी थाने में एएसआई पद पर तैनात थे। शनिवार शाम वह ड्यूटी पर कार्यरत थे, तभी अचानक उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई और हार्ट अटैक आने से उनकी तबीयत बिगड़ गई। साथी पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रविवार दोपहर करीब तीन बजे उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव हुल्याना लाया गया। गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार, जनप्रतिनिधि तथा पुलिस विभाग के अधिकारी मौके पर एकत्रित हो गए और नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
पुलिस विभाग की ओर से दिवंगत एएसआई को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान कठूमर थानाधिकारी सुनील टांक सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
इसके बाद राजकीय सम्मान के साथ हुल्याना गांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में आसपास के गांवों के लोग, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तथा समाज के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
स्वर्गीय मंगतूराम जाट का परिवार वर्तमान में कोटा में निवास करता था। परिवार में पत्नी, एक पुत्र एवं एक पुत्री हैं। उनके असामयिक निधन से पूरे गांव एवं क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।


