जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित; ‘वंदे गंगा’ जल संरक्षण जन अभियान 25 मई से होगा प्रारंभ
खैरथल (हीरालाल भूरानी) जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में सोमवार को जिला स्तरीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला कलेक्टर ने बताया कि 25 मई से जिले में ‘वंदे गंगा’ जल संरक्षण जन अभियान प्रारंभ किया जाएगा, जिसे जनआंदोलन का स्वरूप देते हुए व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के तहत जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन संबंधी गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाएगा।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय स्तर तक कार्ययोजना बनाकर गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान श्रमदान, स्वच्छता गतिविधियां, पौधारोपण, जल स्रोतों की सफाई, प्रभात फेरियां, जागरूकता रैलियां एवं सामाजिक सहभागिता आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही स्वयंसेवी संगठनों, शिक्षण संस्थानों, युवा समूहों एवं आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिला कलेक्टर ने बताया कि जल संसाधन विभाग द्वारा जल स्रोतों की साफ-सफाई, जल उपयोगिता कार्यक्रम, जल शक्ति अभियान ‘कैच द रेन’ अंतर्गत गतिविधियां, नए कार्यों का शिलान्यास, भूमि पूजन एवं पूर्ण कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। अभियान के तहत वंदे गंगा प्रभात फेरी, कलश यात्रा, पीपल पूजन, पौधारोपण, नुक्कड़ नाटक, संकल्प कार्यक्रम एवं अमृत सरोवर पूजन जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी।
उन्होंने बताया कि ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यों की अग्रिम तैयारी, चारागाह चिन्हिकरण तथा ‘कर्मभूमि से मातृभूमि’ अभियान के तहत कार्यों का अवलोकन एवं नवीन स्वीकृतियां जारी की जाएंगी। 26 मई को जिले में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन होगा, जिनमें नवीन कार्यों के अनुमोदन के साथ ग्रामीणों को अभियान का संकल्प दिलाया जाएगा।
अभियान के दौरान गौशालाओं, पशु चिकित्सालयों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, कृषि उपज मंडियों, सार्वजनिक स्थलों एवं पेयजल स्रोतों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा जल परीक्षण अभियान संचालित किया जाएगा। साथ ही प्राचीन तालाबों, जोहड़ों, सोख्ता गड्ढों एवं सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई तथा जल स्रोतों की मैपिंग का कार्य भी किया जाएगा। कृषि एवं उद्यान विभाग द्वारा स्प्रिंकलर, ड्रिप, फार्म पॉन्ड एवं पाइपलाइन संबंधी स्वीकृतियां जारी की जाएंगी।
बैठक में जिला कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि कोई भी प्रकरण 30 दिन से अधिक लंबित नहीं रहे तथा सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने डिजिटल जनगणना के सफल संचालन हेतु हाउस लेवल नंबरिंग कार्य शुरू होने के तीन दिवस में पूर्ण करने की समय सीमा निर्धारित करते हुए आमजन एवं कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।
उन्होंने लंबित पेंशन सत्यापन प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ग्राम रथ सुझाव पत्रिका का डाटा गूगल शीट पर अपलोड कर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में विकसित वार्ड अभियान की कार्य योजनाओं का निरीक्षण करने, स्कूलों में आयरन फोलिक एसिड (आईएफए) टैबलेट वितरण एवं एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। 14 वर्षीय बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाने एवं लाडो प्रोत्साहन योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। साथ ही शाला दर्पण पोर्टल पर आंगनबाड़ी आईडी अपडेट करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सीएलएफ बिल्डिंग चिन्हिकरण, चंबल प्रोजेक्ट भूमि आवंटन कार्य तथा विभिन्न बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त लंबित पेंशन प्रकरण निष्पादन समिति की बैठक आयोजित कर विभिन्न विभागों को लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, उप पुलिस अधीक्षक लालचंद, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी ओमप्रकाश किराड, एसीएफ वन विभाग संजय चौधरी, संयुक्त निदेशक वीरेंद्र त्यागी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट, समाज कल्याण अधिकारी रमेश दहमीवाल, सहायक निदेशक वेद प्रकाश सैनी, कोषाधिकारी सुरेश कुमार बंसल, जिला रसद अधिकारी राकेश सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


