कठूमर पंचायत समिति मुख्यालय पर समस्या समाधान शिविर 22 मई को; जिला कलक्टर सहित सभी अधिकारी रहेंगे मौजूद
कठूमर (दिनेश लेखी) आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से 22 मई को पंचायत समिति मुख्यालय पर समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में जिला कलक्टर, उपखंड अधिकारी सहित ब्लॉक एवं जिला स्तरीय सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे।
शिविर में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के लोग अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित परिवेदनाएं प्रस्तुत कर सकेंगे। विशेष रूप से पेयजल, बिजली, पेंशन, सड़क, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, खाद्य सुरक्षा, चिकित्सा एवं अन्य जनसमस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करने का प्रयास किया जाएगा।
प्रशासन की ओर से सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं ताकि शिविर में आने वाले लोगों को त्वरित राहत मिल सके। अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं से संबंधित आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर शिविर में पहुंचे, जिससे समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जा सके।
शिविर को लेकर पंचायत समिति परिसर में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं तथा विभिन्न विभागों के लिए अलग-अलग काउंटर भी बनाए जाएंगे, ताकि लोगों को एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।


