एसडीएम ने कठूमर सीएचसी का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश
कठूमर (दिनेश लेखी) उपखंड अधिकारी ने बुधवार को कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं एवं विभिन्न वार्डों की स्थिति का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम अस्पताल परिसर में लगे कूलरों तक पहुंचे, जहां सभी कूलरो में पानी भरा हुआ मिला। इस पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को नियमित रूप से कूलरों की सफाई करने तथा पानी बदलने के निर्देश दिए, ताकि गर्मी के मौसम में मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ पेयजल एवं ठंडी हवा की सुविधा मिल सके। उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि मरीजों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना अस्पताल प्रशासन की जिम्मेदारी है।
इसके बाद एसडीएम ने अस्पताल की लैब का निरीक्षण किया और जांच प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने लैब कर्मचारियों से मरीजों को जांच रिपोर्ट वितरण की व्यवस्था के बारे में पूछा। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई मामलों में रिपोर्ट देते समय मरीजों के हस्ताक्षर नहीं करवाए जा रहे थे। इस पर उन्होंने निर्देश दिए कि भविष्य में सभी जांच रिपोर्ट मरीज अथवा उनके परिजनों के हस्ताक्षर लेकर ही वितरित की जाएं, ताकि रिकॉर्ड पारदर्शी एवं व्यवस्थित बना रहे।
उन्होंने अस्पताल में दवाइयों की उपलब्धता, चिकित्सकों की उपस्थिति तथा मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की भी जानकारी ली। साथ ही अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल, बिजली एवं साफ-सफाई की व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।
अस्पताल में पहुंचे मरीजों एवं उनके परिजनों से भी एसडीएम ने बातचीत कर व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान सीएचसी प्रभारी डॉ. जवाहर सिंह सैनी सहित चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, लैब कर्मचारी एवं अन्य कार्मिक मौजूद रहे।


