कठूमर-भनोखर मार्ग पर सड़क हादसा, एक युवक की मौत
कठूमर (दिनेश लेखी) कठूमर-भनोखर सड़क मार्ग पर खेडामैदा के समीप बुधवार शाम बाइक और अज्ञात वाहन की भिड़ंत में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार कठूमर निवासी रोहित उर्फ दीपक पुत्र शेरी जांगिड़ उम्र 23 वर्ष तथा अमन पुत्र बबली जाट उम्र 22 वर्ष बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान खेडामैदा गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को कठूमर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने रोहित उर्फ दीपक को मृत घोषित कर दिया, जबकि अमन की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे अलवर रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
इधर, भनोखर रोड पर बरका गांव के पास भी एक अन्य सड़क दुर्घटना में बाइक सवार विनोद पुत्र रामसिंह निवासी साहड़ी उम्र 29 वर्ष तथा रियांश पुत्र नीरज उम्र 5 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर अवस्था में अलवर रेफर किया गया।


