वन्दे गंगा जल संरक्षण अभियान: भरतपुर में जल संरक्षण और प्रबंधन पर सेमिनार आयोजित
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) वन्दे गंगा जल संरक्षण अभियान कार्यक्रम के तहत जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED), भरतपुर के तत्वावधान में उपखंड कार्यालय अटलबंध पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अधीक्षण अभियंता नरेंद्र कुमार वर्मा द्वारा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जिला सलाहकार नाहर सिंह जादौन ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया और अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वन्दे गंगा जल संरक्षण अभियान की सफलता के लिए इसे एक जन समुदाय आधारित अभियान बनाना बेहद जरूरी है, जिसमें हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझे।
- दैनिक आदतों में सुधार से बचेगी पानी की बूंद-बूंद: अधीक्षण अभियंता
मुख्य अतिथि एवं अधीक्षण अभियंता नरेंद्र कुमार वर्मा ने जल के महत्व पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि पानी के बिना मानव जीवन, पशु-पक्षी और वनस्पति का अस्तित्व पूरी तरह असंभव है। देश की बढ़ती जनसंख्या और लगातार घटते जल स्रोत एक गंभीर चिंता का विषय हैं।
उन्होंने आह्वान किया कि हम अपने दैनिक जीवन की छोटी-छोटी आदतों में सुधार कर भारी मात्रा में पानी की बचत कर सकते हैं। वर्मा ने उपलब्ध जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने, बेहतर रख-रखाव करने, वर्षा जल संचयन (रेन वॉटर हार्वेस्टिंग) और ग्रे-वाटर मैनेजमेंट (अपशिष्ट जल प्रबंधन) को अपनाने पर विशेष जोर दिया।
- भविष्य को सुरक्षित करने के लिए त्रिकोणीय जल प्रबंधन जरूरी
सेमिनार में सहायक अभियंता मनोज पाराशर ने पानी के तीनों मुख्य स्रोतों—वर्षा जल, भू-जल और सतही जल—के बेहतर प्रबंधन की तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यदि हमें अपना भविष्य सुरक्षित रखना है, तो पानी की प्रत्येक बूंद को सहेजना होगा।
अधीशाषी अभियंता (खंड भरतपुर) के.डी. पाण्डेय ने बताया कि वन्दे गंगा जल संरक्षण कार्यक्रम भारत सरकार एवं राजस्थान सरकार का एक अत्यंत महत्वाकांक्षी और दूरदर्शी कदम है। राजस्थान में भौगोलिक कारणों से हमेशा पानी का संकट रहा है, इसलिए जल प्रबंधन में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाना और जन-जागरूकता फैलाना समय की मांग है। अंतिम सत्र में सहायक अभियंता राजवीर सिंह ने सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित करने और तीनों जल स्रोतों के उत्कृष्ट प्रबंधन को भविष्य की सुरक्षा के लिए अनिवार्य बताया।
इस अवसर पर राज्य संदर्भ व्यक्ति लक्ष्मण पाठक, हरीश चौधरी सहित अभियंता बलराम, योगेश, कंचन अरोरा, मोनिका, अरुण जैन, नेहा मैथिली तथा सुमित खंडेलवाल, घनश्याम सैनी, मनीष कुमार, संदीप, आकाश एवं स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


