ग्रामीण सेवा शिविर में वर्षों पुराना विद्यालय भूमि विवाद सुलझा, विकास का मार्ग हुआ प्रशस्त
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय)। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी अभियान के तहत गुरूवार को उच्चैन उपखण्ड की ग्राम पंचायत खुडासा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई। शिविर के दौरान राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खुडासा की भूमि से जुड़ा वर्षों पुराना विवाद सहमति से सुलझा लिया गया, जिससे विद्यालय के विकास कार्यों का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
विद्यालय की भूमि अन्य खातेदारों की खातेदारी में शामिल होने के कारण विद्यालय परिसर के विस्तार, आधारभूत सुविधाओं के निर्माण तथा विभिन्न विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में लगातार बाधाएँ उत्पन्न हो रही थीं। विद्यालय प्रशासन ने इस समस्या को ग्रामीण सेवा शिविर में उपस्थित अधिकारियों के समक्ष रखा। शिविर प्रभारी एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों ने मामले को प्राथमिकता देते हुए संबंधित खातेदारों, नायब तहसीलदार, भू-अभिलेख निरीक्षक तथा पटवारी को मौके पर बुलाकर सभी पक्षों के साथ संवाद स्थापित किया। प्रशासन की सकारात्मक पहल एवं प्रभावी समझाइश के परिणामस्वरूप खातेदारों ने विद्यालय हित में सहमति प्रदान की। इसके पश्चात सहमति विभाजन की कार्रवाई पूर्ण कर विद्यालय भूमि का पृथक खाता दर्ज किया गया। इस कार्रवाई से विद्यालय की भूमि संबंधी वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सका।
इस उपलब्धि से विद्यालय में भवन विस्तार, खेल मैदान विकास, अतिरिक्त कक्षाओं के निर्माण एवं अन्य शैक्षणिक सुविधाओं के विकास का मार्ग खुल गया है। ग्रामीणों, विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने इस जनहितकारी कार्य के लिए राज्य सरकार एवं प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए ग्रामीण सेवा शिविर की सराहना की।


