चारागाह में अवैध खनन के विरोध में उप सरपंच अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे, एसडीएम ने सात दिन में कार्रवाई का दिया आश्वासन
जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) ग्राम पीपलूँद के चारागाह में कथित अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर उप सरपंच सावन टांक मंगलवार शाम करीब 7 बजे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के चारागाह में करोड़ों रुपये का अवैध खनन हुआ है, लेकिन प्रशासन अब तक दोषियों पर कार्रवाई करने में विफल रहा है।
उप सरपंच सावन टांक ने कहा कि जब तक अवैध खनन के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन और भूख हड़ताल जारी रहेगी।
भूख हड़ताल की सूचना मिलने पर उपखंड अधिकारी छत्रपाल चौधरी एवं थाना अधिकारी लोकपाल सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आंदोलनकारियों से वार्ता कर उन्हें समझाइश दी। वार्ता के दौरान उपखंड अधिकारी ने मामले की जांच कर सात दिनों के भीतर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद आंदोलनकारियों ने आश्वासन पर भरोसा जताया।
उल्लेखनीय है कि चारागाह में कथित अवैध खनन के विरोध में इससे पहले भी उप सरपंच सावन टांक के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उपखंड कार्यालय पर ज्ञापन सौंपा था। कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को खून से लिखा ज्ञापन भी भेजकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
इस दौरान जब उपखंड अधिकारी छत्रपाल चौधरी से वार्ता और दिए गए आश्वासन को लेकर मीडिया ने प्रतिक्रिया जाननी चाही, तो उन्होंने कोई बयान देने से परहेज किया।


