कक्षा 6 प्रवेश परीक्षा 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, 31 जुलाई तक करें आवेदन
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जवाहर नवोदय विद्यालय समिति द्वारा शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय, भरतपुर की कक्षा 6 में प्रवेश हेतु आयोजित होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। पात्र विद्यार्थी 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
प्राचार्य जवाहर नवोदय विद्यालय एबी सक्सेना ने बताया कि चयन परीक्षा का आयोजन शनिवार, 28 नवंबर को भरतपुर एवं डीग जिले के पंचायत मुख्यालयों पर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आवेदन के लिए केवल वही विद्यार्थी पात्र होंगे जो भरतपुर एवं डीग जिले के सरकारी अथवा मान्यता प्राप्त विद्यालयों में वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 5वीं में अध्ययनरत हैं तथा जिनकी जन्म तिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच है।
प्राचार्य ने बताया कि पात्र विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। समय सीमा के बाद किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने जिले के सभी पात्र विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते ऑनलाइन आवेदन पूर्ण करें तथा आवश्यक दस्तावेजों को सही प्रकार से अपलोड कर आवेदन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी करें। उन्होंने कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक एवं निःशुल्क आवासीय शिक्षा प्रदान करने वाला देश का प्रतिष्ठित संस्थान है, जहाँ चयनित विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाता है।


