भुसावर थाने में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर प्रदर्शनी आयोजित; राष्ट्रीय एकता और साइबर सुरक्षा का दिया संदेश
भुसावर (भरतपुर) कोश्लेंद्र दतात्रेय
जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा (आईपीएस) के निर्देशन में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान के तहत रविवार को पुलिस थाना भुसावर परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 'लौह पुरुष' सरदार पटेल के जीवन, राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान और भारतीय रियासतों के ऐतिहासिक एकीकरण पर आधारित एक प्रेरक प्रदर्शनी लगाई गई।
पटेल के व्यक्तित्व और कृतित्व से रूबरू हुए युवा कार्यक्रम में पहुंचे विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की एकता, अखंडता और प्रशासनिक मजबूती की नींव रखी थी। प्रदर्शनी के माध्यम से उनके जीवन से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंगों को प्रदर्शित किया गया, जिसे देखने और समझने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे। इस दौरान उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता, कानून का सम्मान करने और नागरिक कर्तव्यों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।
साइबर अपराधों से बचाव के बताए गए तरीके आयोजन के दौरान आमजन को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्क किया गया। अधिकारियों ने ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, ओटीपी शेयरिंग, 'डिजिटल अरेस्ट' और केवाईसी फ्रॉड जैसी ठगी से बचने के उपाय बताए। नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या अधिकारिक पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
जन-जन तक पहुंचाना है संदेश: थानाधिकारी थानाधिकारी (पुलिस निरीक्षक) राजेश मीना ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महान राष्ट्रनायक सरदार वल्लभभाई पटेल के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना है। साथ ही आम नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक जिम्मेदारी और कानून के प्रति विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करना है।

