हरदेव संदेश से पर्यावरण क्रांति: निरंकारी मिशन का 'वननेस वन' छठा चरण आज से, 630 स्थानों पर होगा पौधरोपण
खैरथल (हीरालाल भूरानी)। संत निरंकारी मिशन द्वारा प्रकृति समरसता एवं पर्यावरण संरक्षण को समर्पित 'वननेस वन' अभियान के छठे चरण का आगाज 23 अगस्त से होने जा रहा है। इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत देशभर में एक ही दिन 630 निर्धारित स्थानों पर व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा।
यह संपूर्ण अभियान बाबा हरदेव सिंह महाराज के प्रेरक संदेश—"प्रदूषण अंदर हो या बाहर, दोनों ही हानिकारक हैं"—पर आधारित है। इसका मुख्य उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि पर्यावरण संतुलन के साथ-साथ मानव चेतना को प्रकृति के प्रति जवाबदेह और जागरूक बनाना है। मिशन की इस दूरदर्शी पहल के तहत अब तक देशभर में 350 से अधिक समृद्ध 'वृक्ष समूह' (Mini Forests) सफलतापूर्वक स्थापित किए जा चुके हैं।
संत निरंकारी मंडल के सचिव जोगिन्दर सुखीजा ने अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि मिशन केवल रोपण तक सीमित नहीं रहता। लगाए गए सभी पौधों की अगले तीन से पांच वर्षों तक नियमित रूप से सिंचाई, खाद और सुरक्षा सहित पूरी देखभाल सुनिश्चित की जाएगी, ताकि वे विशाल वृक्ष का रूप ले सकें।

