सकट में 1091वें रामचरित मानस पाठ की पूर्णता पर गूंजे वैदिक मंत्र: सजाया खाटू श्याम जी का फूल बंगला, हुआ महारुद्राभिषेक
रामेश्वर चार धाम मंदिर में 1091वें अखंड मानस पाठ के उपलक्ष्य में हुआ शिव महारुद्राभिषेक व हवन-पूजन
सकट (अलवर): कस्बे की नदी किनारे स्थित रामेश्वर चार धाम राम एवं श्याम वीर हनुमान मंदिर परिसर में 'जय हनुमान जन उपयोगी सेवा संस्थान ट्रस्ट सकट' के तत्वाधान में भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंदिर में पिछले 3 वर्षों से निरंतर चल रहे संगीतमयी अखंड रामचरित मानस पाठों के सफलतापूर्वक 1091वें पाठ पूर्ण होने के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भगवान शिव का महारुद्राभिषेक एवं हवन-यज्ञ संपन्न किया।
वैदिक रीती-रिवाज से संपन्न हुआ अनुष्ठान: मंदिर के महंत रमाकांत जैमन ने बताया कि दौसा के पंडित मनोहर लाल शर्मा के सांनिध्य में आचार्यों द्वारा विधि-विधान से शिव महारुद्राभिषेक एवं महायज्ञ कराया गया। श्रद्धालुओं ने शुद्ध गाय के घी और दिव्य आहुतियों के साथ यज्ञ में हिस्सा लिया तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
आकर्षक फूल बंगला झांकी रही आकर्षण का केंद्र: इस विशेष अवसर पर मंदिर में विराजित खाटू श्याम बाबा, हनुमान जी, राम-श्याम दरबार, गिरिराज धरण, द्वारकाधीश एवं शिव परिवार की प्रतिमाओं को रंग-बिरंगे सुगंधित पुष्पों से सजाकर भव्य 'फूल बंगला झांकी' तैयार की गई, जिसके दर्शनों के लिए दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
कार्यक्रम के समापन पर महाआरती का आयोजन किया गया, जिसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं को पंगत में बैठाकर महाप्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एवं क्षेत्र के श्रद्धालु मौजूद रहे।

