भिवाड़ी के जेनेसिस मॉल में गूंजा स्वावलंबन का स्वर: राजीविका समूह की महिलाओं के हस्तनिर्मित उत्पादों की स्टॉल शुरू
खैरथल (हीरालाल भूरानी): जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश के मार्गदर्शन और नगर परिषद भिवाड़ी के सहयोग से जेनेसिस मॉल में राजीविका स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित हस्तनिर्मित व घरेलू उत्पादों की स्टॉल का भव्य शुभारंभ किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जिले की ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे गुणवत्तापूर्ण उत्पादों को सीधा बाजार उपलब्ध कराना और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देना है।
स्टॉल पर उपलब्ध प्रमुख उत्पाद:
-
जूट बैग्स: संस्कार राजीविका सीएलएफ (शाहाबाद) की ग्राम मैनाकी स्थित 'जय माता दी स्वयं सहायता समूह' की सदस्य स्वाति यादव द्वारा निर्मित मजबूत व आकर्षक जूट बैग।
-
लाख की चूड़ियां: ग्राम शाहाबाद के 'पार्वती स्वयं सहायता समूह' की सदस्य राकेश देवी द्वारा तैयार पारंपरिक एवं फैंसी लाख की चूड़ियां।
-
होम केयर व पर्सनल केयर: नारी शक्ति राजीविका सीएलएफ (जोजाका) के ग्राम शेखपुर अहीर स्थित 'दिव्या स्वयं सहायता समूह' की सदस्य भूतेरी देवी द्वारा निर्मित हर्बल साबुन, डिटर्जेंट पाउडर और फिनायल।
इस अवसर पर स्थानीय स्तर पर निर्मित इन उत्पादों को उपभोक्ताओं तक आसानी से पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया, जिससे ग्रामीण महिलाओं के लिए बेहतर आय के अवसर सृजित होंगे।
कार्यक्रम के शुभारंभ पर ब्लॉक परियोजना कार्यालय तिजारा से एरिया कोऑर्डिनेटर सुनीता मीणा, एआरपी अमजद खान और नोडल ब्लॉक परियोजना प्रबंधक अखिलेश कुमार चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

