विश्व शांति मंदिर में बर्फानी रूप में विराजे शिव बाबा, भजनों पर झूमे श्रद्धालु
खैरथल (हीरालाल भूरानी)। सीवान रोड स्थित विश्व शांति मंदिर में सावन के पवित्र सोमवार के अवसर पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में भगवान शिव का 'बर्फानी शिव बाबा' के रूप में अत्यंत अलौकिक और भव्य श्रृंगार किया गया, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सेवादार दीपक गुप्ता, प्रवेश गुप्ता, पंकज खुराना, परवीन और महेश ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। शिव आराधना के इस पावन अवसर पर महिला मंडल की ओर से विशेष भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। श्रीमती इंद्रपाल खुराना, डॉ. ज्योति खुराना, सीता शर्मा एवं उनकी मंडली ने एक से बढ़कर एक मनमोहक भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे माहौल को भक्तिमय कर दिया।
इस धार्मिक आयोजन में आदर्श कॉलोनी की महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया। मंदिर समिति के अनुसार, सावन माह के प्रत्येक सोमवार को भगवान शिव का विशेष श्रृंगार किया जा रहा है। कार्यक्रम का समापन भव्य महाआरती और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

