ग्रामसेवा सहकारी समिति अलावडा पर किसान सभा का आयोजन कर ईफ्को एमसी की तरफ से फसल में लगने वाले रोग और उपचार की दी जानकारी
रामगढ़/अलवर (राधेश्याम गेरा) ग्राम सेवा सहकारी समिति अलावड़ा में बुधवार को किसान सभा का आयोजन किया गया। इसमें इफ्को एमसी की ओर से आए सेल्स एंड मार्केटिंग ऑफिसर रविकुमार ने किसानों को विभिन्न फसलों में लगने वाले रोग, उनके लक्षण, रोग की पहचान तथा उपचार में उपयोग होने वाली दवाइयों की जानकारी दी।
रविकुमार ने बताया कि क्षेत्र में अधिकांश लोग कृषि से जुड़े हैं। यहां मुख्य रूप से प्याज और नरमा की फसल बोई जाती है। इसके बाद गेहूं और सरसों प्रमुख फसलें हैं, जबकि कुछ किसान सब्जियों की खेती भी करते हैं। उन्होंने प्याज की फसल में लगने वाले रोग, जैसे फसल सड़ने तथा जड़ों में होने वाले रोगों के लक्षण और उनके उपचार में उपयोगी दवाइयों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इफ्को और जापान की मित्सुबिशी कंपनी के सहयोग से रोग उपचार संबंधी दवाइयों की जानकारी किसानों तक पहुंचाई जा रही है। सहकारी समिति के माध्यम से कंपनी द्वारा निर्धारित दरों पर ही दवाइयां उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को फसल की आवश्यकता के अनुसार ही दवा का उपयोग करना चाहिए।
किसानों को नरमा की फसल में बरसात के मौसम में लगने वाले रोगों, उनके लक्षणों और विभिन्न दवाइयों के उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई।
ग्राम सेवा सहकारी समिति के सचिव हितेश गेरा ने बताया कि किसान यहां रासायनिक उर्वरक और फसल रोगोपचार की दवाइयां खरीदने आते हैं। कई बार किसान रोगग्रस्त पौधे दिखाकर या रोग के बारे में जानकारी देकर दवा मांगते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए किसान सभा का आयोजन कराया गया, ताकि किसान फसल में लगने वाले रोग की पहचान कर आवश्यकता के अनुसार दवा का चयन कर सकें।
किसान सभा में हजारीलाल, पप्पू खान, मोहनलाल सैनी, आसीन खान, रामसिंह, बलदेव, राजू, रोशनलाल सैनी, हरविंदर सिंह सहित अलावड़ा, नंगली और मालपुर के अनेक किसान मौजूद रहे।

