हैवी एमएलसी रिपोर्ट बनाने की एवज में मांग रहे थे रिश्वत:35 हजार रुपये की घूस लेते वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी और दलाल रंगे हाथ गिरफ्तार
जयपुर / भरतपुर ( विष्णु मित्तल)
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) मुख्यालय, जयपुर के निर्देश पर धौलपुर चौकी की टीम ने भरतपुर जिले में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसीबी की टीम ने राजकीय चिकित्सालय, नदबई के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डाॅ. शशिकांत शर्मा और उनके लिए रिश्वत राशि लेने वाले दलाल (प्राइवेट व्यक्ति) त्रिलोकचंद शर्मा उर्फ चीनू को परिवादी से 35,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
क्या था पूरा मामला?
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने जानकारी दी कि एसीबी चौकी धौलपुर को एक परिवादी ने शिकायत दी थी। परिवादी ने पुलिस थाना नदबई में मारपीट का मामला दर्ज कराया था, जिसमें उसके परिजनों को आई चोटों का मेडिकल मुआयना राजकीय चिकित्सालय नदबई में होना था।
आरोप था कि मेडिकल रिपोर्ट में 'हैवी एमएलसी' (Heavy MLC) बनाने की एवज में नदबई अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशिकांत शर्मा द्वारा अपने दलाल त्रिलोकचंद शर्मा के जरिए 35,000 रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही है।
एसीबी के सत्यापन में हुआ खुलासा
शिकायत का एसीबी द्वारा गोपनीय सत्यापन करवाया गया, जिसमें डॉक्टर द्वारा दलाल के माध्यम से रिश्वत मांगने की पुष्टि हो गई। इसके बाद एसीबी भरतपुर रेंज के उपमहानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन और एसीबी धौलपुर चौकी के पुलिस उप अधीक्षक प्रेमचंद मीणा के नेतृत्व में एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया।
रंगे हाथों दबोचा और सरकारी आवास पर दी दबिश
योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए दलाल त्रिलोकचंद शर्मा उर्फ चीनू को परिवादी से 35,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया गया। रिश्वत की यह राशि आरोपी की पैंट की जेब से बरामद की गई। वहीं, मुख्य आरोपी वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशिकांत शर्मा को उनके सरकारी आवास से डिटेन कर लिया गया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और पुलिस महानिरीक्षक एस. परमिला के निर्देशन में दोनों आरोपियों से पूछताछ और अग्रिम अनुसंधान जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसीबी की अपील: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करें। किसी भी प्रकार की रिश्वत की मांग होने पर एसीबी के टोल फ्री नंबर 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 94135-02834 पर 24x7 संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

