श्री गोविंद देव परोपकारी ट्रस्ट द्वारा योग शिक्षा का आगाज: राउप्रावि गंगाबाग में हुआ योग सत्र
राजगढ़: (अलवर) श्री गोविंद देव परोपकारी ट्रस्ट के तत्वावधान में योग शिक्षा के प्रसार की नई पहल करते हुए राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, गंगाबाग (राजगढ़) में एक दिवसीय योग सत्र का आयोजन किया गया। केंद्र सरकार के 'नेशनल हेल्थ मिशन' की तर्ज पर गांव-ढाणी तक योग पहुंचाने की मुहिम को आगे बढ़ाते हुए सामाजिक संस्थाओं द्वारा यह सराहनीय कदम उठाया गया है, ताकि आमजन और नई पीढ़ी को आरोग्य प्राप्ति का वैज्ञानिक व प्रामाणिक मार्ग मिल सके।
सत्र के दौरान पतंजलि वेलनेस के योगाचार्य केदार नाथ शर्मा ने विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रकार के योगासन, प्राणायाम और ध्यान का विधिवत अभ्यास कराया। उन्होंने योग के शारीरिक और मानसिक लाभों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से एकाग्रता बढ़ती है और शरीर निरोगी रहता है।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका संजूबाला वर्मा ने संस्था की इस पहल का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अध्यापिका प्रियंका कुमारी सहित कुनाल, रिंकू बैरवा, हर्ष, अदिति, कोमल प्रजापत, जीविका, खुशबू, राधे बैरवा आदि शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

