खेतों की उर्वरता और मृदा संरक्षण का संदेश: कृषि विज्ञान केंद्र नौगाँव में ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत किसान मेला आयोजित, सैकड़ों अन्नदाताओं ने लिया भाग

Nov 23, 2026 - 21:27
 0
खेतों की उर्वरता और मृदा संरक्षण का संदेश: कृषि विज्ञान केंद्र नौगाँव में ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत किसान मेला आयोजित, सैकड़ों अन्नदाताओं ने लिया भाग

आईसीएआर-आईएआरआई व कृषि विज्ञान केंद्र के संयुक्त आयोजन में वैज्ञानिकों ने दिया टिकाऊ खेती का मंत्र, स्टॉलों पर मिली उन्नत तकनीकों की जानकारी

रामगढ़, अलवर (राधेश्याम गेरा)। खेती योग्य भूमि और मृदा स्वास्थ्य के संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) नौगाँव (अलवर-1) में सोमवार को ‘खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत किसान मेला-सह-प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईसीएआर-आईएआरआई), नई दिल्ली के कृषि विज्ञान प्रभाग द्वारा केवीके नौगाँव के सहयोग से संपन्न हुआ। मारुति सुजुकी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा वित्तपोषित “फर्मेंटेड ऑर्गेनिक मैन्योर (FOM) के मूल्यांकन, प्रसार एवं उपयोग विस्तार” परियोजना के तहत हुए इस आयोजन में अलवर व आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान, महिला किसान और हितधारक शामिल हुए।

मृदा स्वास्थ्य और FOM के उपयोग पर मिला व्यावहारिक मार्गदर्शन मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों को फर्मेंटेड ऑर्गेनिक मैन्योर के लाभों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, जैविक पदार्थों के उपयोग, उत्पादकता बढ़ाने और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को प्रोत्साहन देना रहा। तकनीकी सत्रों और लाइव प्रदर्शन के माध्यम से विशेषज्ञों ने किसानों को FOM की उपयोगिता व प्रयोग विधि की व्यावहारिक जानकारी दी। मेले में लगी कृषि व उद्यानिकी प्रदर्शनी स्टॉलों के जरिए उन्नत तकनीकों व मृदा प्रबंधन की जानकारी साझा की गई, जहां किसानों ने वैज्ञानिकों से सीधा संवाद कर अपनी कृषि समस्याओं के समाधान भी प्राप्त किए।

कृषि वैज्ञानिकों व अधिकारियों की रही गरिमामयी मौजूदगी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में परियोजना समन्वयक एवं जिला कोआपरेटिव बैंक चेयरमैन तथा सदस्य विज्ञान संभाग (भाकृअनुप-आईएआरआई, नई दिल्ली) श्री संजय सिंह राठौर मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि डॉ. शैलेश गोडिका (निदेशक, प्रसार शिक्षा, श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय, जोबनेर) ने भी सहभागिता की। इसके अलावा आईएआरआई के वैज्ञानिक डॉ. अर्जुन सिंह, प्रधान वैज्ञानिक डॉ. एस. एल. मीणा, कृषि महाविद्यालय अलवर की अधिष्ठाता डॉ. सुमन खण्डेलवाल, क्षेत्रीय निदेशक (अनुसंधान) डॉ. गोपाल चौधरी, उद्यान विभाग के उप निदेशक श्री के. एल. मीणा, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक श्री पी. सी. मीणा तथा केवीके बानसूर के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. सुशील शर्मा उपस्थित रहे।

संतुलित संसाधन उपयोग का दिया आह्वान अतिथियों ने कहा कि मृदा स्वास्थ्य का संरक्षण ही टिकाऊ कृषि की आधारशिला है। रासायनिक व जैविक संसाधनों के संतुलित उपयोग, जैविक खादों को अपनाने और वैज्ञानिक तरीकों से खेती करने पर जोर देते हुए उन्होंने किसानों से खेतों की उर्वरता व प्राकृतिक संसाधन बचाने का आह्वान किया। यह आयोजन केवीके नौगाँव के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. एस. सी. यादव के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें डॉ. पूनम प्रजापति, डॉ. एच. आर. माली सहित केंद्र के समस्त स्टाफ ने अहम भूमिका निभाई।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................