स्वच्छ और सुंदर बनेगा अलावड़ा: नवनिर्वाचित सरपंच ने संभाली कमान, रंग-रोगन के बाद प्रमुख स्थानों पर रखे जाएंगे कचरा पात्र
महीनों से पंचायत भवन में पड़े कचरा पात्रों को दिया जा रहा आकर्षक रूप, सरपंच शिवचरण सैनी ने कस्बेवासियों से की सहयोग की अपील
रामगढ़, अलवर (राधेश्याम गेरा)। रामगढ़ उपखंड क्षेत्र की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत अलावड़ा को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुंदर बनाने की दिशा में नवनिर्वाचित ग्राम पंचायत नेतृत्व ने सकारात्मक पहल शुरू की है। कस्बे के बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर फैलने वाली गंदगी की समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रमुख स्थानों पर कचरा पात्र रखे जाएंगे। इसके लिए पंचायत भवन में लंबे समय से रखे कचरा पात्रों को रंग-रोगन और पेंटिंग के जरिए आकर्षक रूप दिया जा रहा है।
महीनों से रखे थे कचरा पात्र, अब मिली नई गति सरपंच शिवचरण सैनी ने बताया कि पंचायत भवन में कई महीनों से कचरा पात्र तैयार होकर रखे हुए थे। इन्हें कस्बे के प्रमुख स्थानों पर रखवाने की योजना पूर्व ग्राम पंचायत के कार्यकाल में बनी थी, लेकिन धरातल पर लागू नहीं हो सकी। कस्बे में जगह-जगह कचरा डालने की समस्या को देखते हुए भाजपा कार्यकर्ता शशिकांत शर्मा और ग्रामवासियों के आग्रह पर नवनिर्वाचित सरपंच ने जनहित में इस योजना को आगे बढ़ाने का कदम उठाया है।
सौंदर्यीकरण के साथ सुधरेगी स्वच्छता व्यवस्था ग्राम पंचायत की ओर से कचरा पात्रों को पेंटिंग व रंग-रोगन से चमकाने का काम किया जा रहा है। इनके सार्वजनिक स्थानों और बाजारों में स्थापित होने से लोगों को कचरा डालने की उचित व्यवस्था मिल सकेगी, जिससे खुले में कचरा फैलने की समस्या कम होगी और स्वच्छता व्यवस्था में सुधार आएगा। साथ ही, आकर्षक कचरा पात्रों से कस्बे के सौंदर्यीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा।
ग्रामवासियों से सहयोग की अपील सरपंच शिवचरण सैनी ने कस्बेवासियों से अपील की है कि वे घरों और दुकानों से निकलने वाला कचरा निर्धारित कचरा पात्रों में ही डालें तथा सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा और रखरखाव में पूरा सहयोग दें। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाए और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी करने से बचे, तो अलावड़ा को एक स्वच्छ, सुंदर और आदर्श कस्बे के रूप में विकसित करने के बेहतर परिणाम सामने आएंगे।

