पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा का शुभारंभ
मकराना (मोहम्मद शहजाद) राज्य सरकार के निर्देशानुसार पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़े का आयोजन 24 जून से 9 जुलाई तक किया जाएगा। मकराना उपखंड अधिकारी अंशुल सिंह बेनीवाल ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा का मंगलवार को शुभारंभ किया गया। इस अवधि में उपखंड के सभी ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए गए हैं। पखवाड़े के तहत 24 जून मंगलवार को ग्राम बरवाली, जुसरियां व जूसरी में शिविर की शुरुआत की गई। शिविरों में राजस्व विभाग लंबित नोटिसों की तामील, पत्थरगढ़ी व सीमाज्ञान प्रकरणों का समाधान, नामांतरण प्रकरणों का त्वरित निस्तारण, वन विभाग से पौधों का वितरण व हरियालो राजस्थान अभियान के तहत व्यापक पौधारोपण, खाद्य विभाग के एनएफएसए के तहत लंबित प्रकरणों का निस्तारण, आधार सीडिंग, ई-केवाईसी एवं नवीन पात्र परिवारों को योजना से जोड़ना, शिक्षा विभाग विद्यालय परिसरों की सफाई, अनुपयोगी व जर्जर सामग्री का निस्तारण, प्रवेशोत्सव, स्कूलों का क्रमोन्नयन, नए संकाय प्रारंभ करना और स्कूटी वितरण, ऊर्जा विभाग द्वारा बिजली के झूलते तारों को व्यवस्थित करना तथा तारों से संपर्क में आने वाले पेड़ों की छंटाई, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी व जल संसाधन विभाग से लंबित जल कनेक्शन जारी करना, पानी की टंकियों की सफाई, नहरी क्षेत्रों में विवादों का समाधान को प्राथमिकता के साथ निस्तारण किया गया। शिविर में ब्लॉक स्तरीय अधिकारीगण मौजूद रहे। शिविर प्रभारी तहसीलदार महेंद्र सिंह मुवाल ने बताया कि बुधवार को उपखंड के बुड़सू, भरनाई व देवरी ग्राम में शिविर आयोजित किए जाएंगे।

