कांस्टेबल हरेंद्र सिंह की मूर्ति का अनावरण :पीएम की सभा में ड्यूटी पर जाते समय हुआ था निधन,आर्मी से रिटायर्ड होने के बाद पुलिस में लगी थी नौकरी
वैर भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) भरतपुर जिले के उपखंड वैर के गांव भौडागांव में कांस्टेबल हरेंद्र सिंह गुर्जर की मूर्ति का अनावरण किया गया। मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में गृहराज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, विधायक बहादुर सिंह कोली, भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा ने शिरकत की। हरेंद्र सिंह गुर्जर का ड्यूटी पर जाते समय हार्ट अटैक आने से निधन हुआ था। हरेंद्र सिंह गुर्जर के छोटे भाई छतर सिंह ने बताया कि मेरे बड़े भाई 31 मार्च 2017 को आर्मी से रिटायर्ड हुए थे।वे आर्मी में 3-राजपूत में हवलदार के पद पर तैनात थे। आर्मी से रिटायर्ड होने के बाद 29 अगस्त 2018 को उनकी नौकरी राजस्थान पुलिस में लगी। 23 नवंबर 2023 को हरेंद्र सिंह गुर्जर की पीएम की सभा में करौली ड्यूटी लगी थी। ड्यूटी करने के लिए वे करौली जा रहे थे।इस दौरान उन्हें हार्ट अटैक आ गया और उनका निधन हो गया। उपखंड वैर के गांव भौडागांव में उनकी मूर्ति का अनावरण किया गया है। हरेंद्र सिंह गुर्जर की मूर्ति उनके परिजनों ने ही लगवाई है। हरेंद्र सिंह गुर्जर के 3 बेटियां और 1 बेटा है।जो पढ़ाई कर रहे हैं।


