पंचायतीराज मंत्री ने ली अधिकारियों की बैठक: स्वच्छता से समझौता नहीं, विकास कार्यों की गुणवत्ता हो सुनिश्चित- पंचायतीराज मंत्री
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर ने पंचायत राज विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर निर्देश दिए की सरकार की मंशा के अनुरूप सभी अधिकारी ग्रामीण क्षेत्र के विकास, साफ सफाई के कार्य को प्राथमिकता में रखें।
पंचायत राज मंत्री नगर निगम सभागार में भरतपुर एवं डीग जिले के पंचायत राज विभाग की समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव में नियमित रूप से साफ सफाई हो, नियमित नालियों की सफाई एवं कचरा उठाओ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होगा नियमित रूप से नालियों की सफाई, गांव में झाड़ू लगाना तथा कचरा उठाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने दो माह का समय देते हुए सभी गांव में स्वच्छता का कार्य सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा की अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर ग्रामीणों से रूबरू हो, विकास अधिकारी महीने में चार दिवस ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि विश्राम कर विकास कार्यों मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद बनाएं।
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं, विकास कार्यों को गुणवत्ता, सांसद विधायक निधि के कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हरियालो राजस्थान के तहत लक्ष्य को पूरा करते हुए चारागाह, सड़कों के किनारे, तालाबों की मेड, सरकारी कार्यालय, स्कूलों में आधिकारिक पौधे लगाये जायें। उन्होंने प्रत्येक नरेगा कार्मिक को 300 पौधे लगाने का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि पौधों की उपलब्धता नहीं होने पर ऐसे पेड़ जिनकी टहनियां लग सकती है उनको लगायें, ड्रोन से बीजों का छिड़काव करें जिससे कोई क्षेत्र पौधारोपण से शेष नहीं रहे।
जल स्वावलंबन अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक कुंड, बावड़ी, तालाब, एनिकट की सफाई कराई जाए। आवश्यक मरम्मत कार्यों को समय पर पूरा करे जिससे जलसंरक्षण हो सके। उन्होंने चारागाह विकास के लिए अतिक्रमण हटवाते हुए सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि गांव में प्लास्टिक डिस्पोजल का उपयोग नहीं हो इसके लिए राज्य सरकार द्वारा बर्तन बैंक स्थापित किए गए हैं। ग्राम पंचायतें स्थानीय समिति को तैयार करें जो रख्ररखाव कर सके। आवश्यकता पड़ने पर सामूहिक आयोजन के समय ग्रामीण बर्तन प्राप्त कर सके। उन्होंने कहा कि बर्तन बैंक के रखरखाव व साफ सफाई के लिए किराया निर्धारण किया जा सकता है इसके लिए भी ग्राम पंचायत विचार करें।
उन्होंने पट्टा वितरण अभियान की समीक्षा करते हुए जिले के सभी घुमंतु परिवारों को चिन्हित कर पट्टा देने, मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विकास अधिकारियों को गांव में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल उपलब्धता के कार्य का भी निरीक्षण करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर कमर चौधरी ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति के बारे में बताते हुए कहा कि नियमित रूप से सफाई कराई जाए, हरियालो राजस्थान, मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान एवं सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं में भरतपुर को अग्रणी रखने के लिए सभी अधिकारी टीम भावना से कार्य करेंगे। मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद मृदुल सिंह ने पीपीटी के माध्यम से योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। इस अवसर पर विधायक बयाना ऋतु बनावत, जिला अध्यक्ष शिवानी दायमा सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
पंचायती राज मंत्री ने किया ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण
पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर ने सेवर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत मोरोली कला एवं सहनावली में सफाई व्यवस्था का मौके पर जाकर जायजा लेते हुए ग्रामीणों से रूबरू होकर सफाई के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने मुख्य सड़कों पर पानी भराव को देखकर नाराजगी व्यक्त की तथा नालियों में जमा कचरे की नियमित सफा सफाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांव में प्रत्येक गली मोहल्ले में नियमित रूप से झाड़ू लगने के साथ नालियों की सफाई भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में सफाई के लिए पर्याप्त बजट दिया हुआ है ऐसे में सफाई कर्मियों को प्रतिदिन 8 घंटे काम करने पर 10 हजार रूपये महीने का दिया जाए। उन्होंने गांव में महिलाओं एवं पुरुषों से रूबरू होने के साथ सफाई कर्मियों से भी फीडबैक लिया तथा गुणवत्तापूर्ण सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को भी आव्हान किया कि कचरा नालियों में एवं मुख्य सड़कों पर नहीं डालें सफाई कर्मी आने पर उन्हें उपलब्ध करायें जिससे गांव को साफ सुथरा रखा जा सके। इस दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मृदुल सिंह, पंचायत समिति विकास अधिकारी विनय मित्र, जिला अध्यक्ष शिवानी दायमा सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।