धमाके के साथ फटा बिजली ट्रांसफॉर्मर: 2 बच्चे झुलसे, आग लगने से मचा हड़कंप
भिवाड़ी के मनसा चौक पर सोमवार दोपहर करीब 3:00 बजे 100 केवीए के बिजली ट्रांसफॉर्मर में अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद ट्रांसफॉर्मर में भीषण आग लग गई। धमाके से ट्रांसफॉर्मर का तेल इधर-उधर बिखर गया। इससे आग और भड़क उठी। इस दौरान पास से गुजर रहे दो बच्चो झुलस गए। दोनों को तुरंत भिवाड़ी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया। झुलसे बच्चों में एक का नाम विकास बताया गया है, जो हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है। बताया जा रहा है कि विकास के ऊपर ट्रांसफॉर्मर का गर्म तेल गिरने से उसके शरीर पर गंभीर जलन हो गई है और उसका इलाज अभी भी जारी है। वहीं दूसरे बच्चे, इशू को हल्की चोटें आईं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
विकास ने बताया कि वो मंशा चौक पर अपने मोबाइल में पैसे डलवाने गया था। पैसे डलवाने के बाद वह अपने घर की ओर जा रहा था, जब वह मनसा चौक से गुजर रहा था, तभी अचानक ट्रांसफॉर्मर तेज आवाज के साथ फट गया और उसके ऊपर गर्म तेल गिर पड़ा।

इस हादसे से मनसा चौक के आसपास का मार्केट और मिलकपुर गांव सहित आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। धमाके की आवाज और आग की लपटों से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय दुकानदारों ने तुरंत नगर परिषद फायर स्टेशन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 15 से 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। नगर परिषद फायर स्टेशन के इंचार्ज नरेश मीणा ने बताया-हमें दोपहर करीब 3:00 बजे मनसा चौक पर आग लगने की सूचना मिली थी। हमने तुरंत दो दमकल गाड़ियां मौके पर भेजीं। 15-20 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया।"
भिवाड़ी विद्युत विभाग के सहायक अभियंता कमल वर्मा ने आश्चर्यजनक रूप से कहा कि उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया, "हमें ट्रांसफॉर्मर में आग लगने की सूचना नहीं मिली है। अगर ऐसा हुआ है, तो इसकी जांच करवाई जाएगी। आग लगने के कारणों का भी पता लगाया जाएगा।"
इस हादसे से इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित होने से स्थानीय लोगों और दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोग विद्युत विभाग और प्रशासन से जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग कर रहे हैं।