पीएम आवास 2.0 के तहत पक्के आवास के लिए आवेदन शुरू
अलवर (राजस्थान) केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत पात्र लाभार्थी पक्के आवास निर्माण के लिए अनुदान राशि प्राप्त करने के लिए ई-मित्र कियोस्क के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। नगर निगम आयुक्त जितेन्द्र सिंह नरूका ने बताया कि योजना के तहत शहरी क्षेत्र के स्ट्रीट वैंडरर्स, स्वयं सहायता समूहों के सभी सदस्य, पीएम. विश्वकर्मा के लाभार्थी, भवन एवं निर्माण कार्य के श्रमिक, सफाई मित्र, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आदि लाभार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। योजना में आवेदन करने पर आवेदक को स्वयं के 30 से 45 वर्ग मीटर का पक्का आवास निर्माण के लिए 2 लाख 50 हजार रुपए की अनुदान राशि चार किस्तों में दी जाएगी।
आवेदक के पास स्वयं की भूमि (आवेदक के पास स्वयं की खाली भूमि अथवा कच्चा आवास होना अनिवार्य है) तथा परिवार की वार्षिक आय 3 लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदक की ओर से पिछले 20 वर्षों में भारत सरकार, राज्य सरकार अथवा नगरीय निकाय के आवास योजना में लाभ प्राप्त नहीं किया गया हो। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए नगर निगम कार्यालय अलवर में कमरा नंबर 44 में कार्यालय समय पर संपर्क किया जा सकता है।


