देवघर में भीषण हादसा: ट्रक और बस की टक्कर में 18 कांवड़ियों की मौत
देवघर: झारखंड में श्रावण मास में बाबा बैद्यनाथ धाम में चल रही कांवर यात्रा के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। देवघर-बासुकीनाथ मुख्य पथ पर स्थित जमुनिया चौक के पास कांवड़ियों से भरी एक बस और ट्रक की भीषण टक्कर हो गई।
जानकारी के अनुसार, इस हादसे में कम से कम 18 कांवड़ियों की मौत हो गई है, जबकि दर्जनों श्रद्धालु घायल हुए हैं। कुछ अन्य रिपोर्टों में मृतकों की संख्या 9 और 30 से अधिक घायलों का जिक्र है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि घटना मंगलवार को सुबह 4.30 बजे हुई, जब कांवड़ियों को ले जा रही बस मोहनपुर पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले जमुनिया इलाके में गैस सिलेंडर ले जा रहे वाहन से टकरा गई। हादसे में कई घायलों की गंभीर को देखते हुए मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
देवघर के एसडीओ सदर रवि कुमार का कहना है, 'दुर्घटना की सूचना सुबह करीब 4-5 बजे मिली। देवघर से बासुकीनाथ दर्शन के लिए तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक निजी बस का ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा और बस एक ट्रक से टकरा गई। दुमका जोन के इंस्पेक्टर जनरल शैलेंद्र कुमार ने बताया कि हादसे में पांच कांवड़ियों की मौत हुई है और कई घायल हैं। जिला प्रशासन ने नजदीकी सरकारी और निजी अस्पतालों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। ट्रैफिक पुलिस एसपी लक्ष्मण प्रसाद ने दावा किया है कि मृतकों का आंकड़ा पांच से भी ज्यादा है। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने तो हादसे में 18 कांवड़ियों की मौत का दावा किया है। लेकिन अभी तक किसी सरकारी अधिकारी ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
सांसद निशिकांत दुबे ने ट्वीट किया है कि 'मेरे लोकसभा के देवघर में श्रावण मास में कांवर यात्रा के दौरान बस और ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण 18 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है । बाबा बैद्यनाथ जी उनके परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।'
मेरे लोकसभा के देवघर में श्रावण मास में कांवर यात्रा के दौरान बस और ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण 18 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है । बाबा बैद्यनाथ जी उनके परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें — Dr Nishikant Dubey (@nishikant_dubey) July 29, 2025
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और एंबुलेंस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। सभी घायलों को देवघर के विभिन्न अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। जिला प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य जारी है।
देवघर जल चढ़ाने जा रहे थे कांवरिए
यह हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालु 'बोल बम' के जयकारों के साथ बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर बढ़ रहे थे। इस भीषण टक्कर से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।