लोहार्गल मेला व चौबीस कोसी परिक्रमा : जिला कलेक्टर व एसपी ने लोहार्गल में ली बैठक
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव)
17 अगस्त से शुरू हो रहे लोहार्गल मेले व चौबीस कोसी परिक्रमा में व्यवस्थाओं के संबंध में झुंझुनूं जिला कलेक्टर डॉ अरुण गर्ग की अध्यक्षता में झुंझुनूं व सीकर जिला प्रशासन की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में झुंझुनूं एसपी बृजेश उपाध्याय, सीकर एडीएम रतन कुमार व लोहार्गल सूर्य मठ पीठाधीश्वर अवधेशानंद भी मौजूद रहे। बैठक में श्रद्धालुओं के लिए आवागमन व्यवस्था, पेयजल, सफाई, सुरक्षा, इमरजेंसी में चिकित्सा व्यवस्था आदि पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में स्थानीय लोगों ने बताया कि अस्थाई दुकानदारों द्वारा तेज आवाज में डीजे व लाऊड स्पीकर अपने प्रचार प्रसार के लिए बजाया जाता है, जिससे मेले के दौरान प्रशासन के द्वारा माईक पर दिए गए निर्देश सुनने में यात्रियों व श्रद्धालुओं को परेशानी आती है। इस पर जिला कलेक्टर डॉ अरुण गर्ग ने तेज आवाज में लाऊड स्पीकर व डीजे बजाने पर रोक लगाने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर गर्ग ने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हो, यह सुनिश्चित किया जाए। मेले के दौरान चेन स्नेचिंग और जेबतराशी जैसी घटनाएं नहीं हो, इसके लिए ब्रजेश उपाध्याय ने बाहर से आए संदिग्ध लोगों को समय-समय पर डिटेन करने के भी निर्देश दिए। महिला श्रद्धालुओं की अधिक संख्या को देखते हुए उन्होंने महिला पुलिस कर्मियों की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने मेला परिसर को आवारा पशुओं से मुक्त करवाने मोबाइल एटीएम की व्यवस्था करवाने के भी निर्देश दिए। बैठक में फायर ब्रिगेड, सीसीटीवी कैमरा, पेयजल व्यवस्था के बारे में भी निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने दुकानदारों को सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने के निर्देश देते हुए पेचवर्क के कार्य की समीक्षा की। जिला कलेक्टर ने तहसीलदार महेंद्र रतनु को ज्ञान बावड़ी व चिमनदास बावड़ी की बेरीकेडिंग व जाली लगवाने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर गर्ग ने 24 कोसी परिक्रमा मार्ग पर बिजली व्यवस्था भी सुचारू रखने व शौचालयों की साफ सफाई माकूल रखना की बात भी कही। बैठक में रामपुर, पहाड़िला, लोहार्गल और चिराना ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि भी शामिल रहे। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फूलचंद मीणा, जिला परिषद सीईओ रणजीत गोदारा, नवलगढ एसडीएम सुनील कुमार झिंगोनिया, उदयपुरवाटी एसडीएम सुमन सोनल, एवीवीएनएल एसई महेश टीबड़ा, सीएमएचओ डॉ छोटेलाल गुर्जर, जिला जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु सिंह, थानाधिकारी हरदयाल सिंह समेत विभिन्न अधिकारी व स्थानीय लोग मौजूद रहे।